Jaunpur news बदलापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़ी कार में कंटेनर की टक्कर, युवक की मौत, एक गंभीर

Share


बदलापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़ी कार में कंटेनर की टक्कर, युवक की मौत, एक गंभीर
जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के पत्तूपुर के पास शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पालहमऊ खुर्द गांव निवासी 27 वर्षीय सनी कुमार पुत्र धर्मेंद्र कुमार अपने साथी जगदीश राव निवासी फूलपुर (थाना लाइन बाजार) के साथ अर्टिगा कार से बाराबंकी गए थे। देर रात वापस लौटते समय दोनों बदलापुर क्षेत्र के पत्तूपुर के पास सड़क किनारे कार खड़ी कर किसी काम में लगे थे।
इसी दौरान करीब तीन बजे तेज रफ्तार से आ रहे एक कंटेनर ने खड़ी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही पड़े रहे।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सनी कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जगदीश राव को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। बाद में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बताया जाता है कि मृतक सनी कुमार अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता धर्मेंद्र कुमार रोज़गार के सिलसिले में सऊदी अरब में रहते हैं। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

About Author