February 6, 2026

Jaunpur news हाईस्पीड डम्फर की टक्कर से ऑटो नाले में गिरा, बुजुर्ग की मौत, दो घायल

Share


हाईस्पीड डम्फर की टक्कर से ऑटो नाले में गिरा, बुजुर्ग की मौत, दो घायल
जफराबाद। जलालपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर नाला के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेलवे परियोजना के लिए मिट्टी ढो रहे तेज रफ्तार डम्फर ने सवारियों से भरे ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरे पानी भरे नाले में पलट गया। हादसे में ऑटो सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार केराकत क्षेत्र के उदयचंदपुर निवासी संजीव कुमार अपने ससुर हीरालाल को आंख के इलाज के लिए सरकारी लीलावती अस्पताल लेकर गए थे। इलाज के बाद वे ऑटो रिक्शा से घर लौट रहे थे। जैसे ही ऑटो शिवपुर नाला के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे मिट्टी लदे डम्फर ने तेज गति में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ऑटो में सवार हीरालाल पानी में गिरकर बेहोश हो गए। ऑटो चालक भोलेनाथ और संजीव खुद घायल होने के बावजूद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नाले से बाहर निकालने में सफल रहे। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेहरूनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टर मनोज कुमार ने हीरालाल को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे कार्य में लगे डम्फर चालक आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से डम्फरों की गति पर सख्ती से नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

About Author