August 15, 2026

Jaunpur news टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला जनसमर्थन, 124 मरीजों को पोषण किट वितरित

Share


टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला जनसमर्थन, 124 मरीजों को पोषण किट वितरित

जौनपुर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत प्रसिद्ध सामाजिक संस्था ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा सोमवार को सिंगरामऊ स्थित गौरीशंकर मंदिर परिसर में जागरूकता एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था द्वारा गोद लिए गए 124 क्षय रोगियों को पोषण आहार किट वितरित की गई।
कार्यक्रम में संस्था की प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने टीबी रोगियों को दवा का पूरा कोर्स नियमित रूप से लेने के साथ-साथ प्रोटीन युक्त आहार को उपचार का अनिवार्य हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि सही समय पर इलाज और पोषण मिलने से टीबी पूरी तरह से ठीक हो सकती है। इस अवसर पर उपस्थित सभी मरीजों को टीबी मुक्त भारत के संकल्प की शपथ भी दिलाई गई।
संस्था की ओर से महेंद्र शुक्ला ने टीबी के लक्षण, उपचार प्रक्रिया और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी तथा बताया कि ठाकुरबाड़ी संस्था किस प्रकार निरंतर मरीजों की सहायता कर रही है। वहीं बदलापुर क्षेत्र के एसटीएस तरुण कुमार ने टीपीटी एवं डीबीटी से संबंधित समस्याओं का समाधान करते हुए मरीजों को जरूरी मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम का संचालन सौम्या सिंह ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में टीबी मरीजों के साथ संस्था के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को सफल बनाने का संकल्प लिया।

About Author