January 25, 2026

Jaunpur news बंदरों का बढ़ता आतंक: 70 वर्षीय महिला की मौत, प्रशासन की निष्क्रियता पर भड़के लोग

Share


शाहगंज में बंदरों का बढ़ता आतंक: 70 वर्षीय महिला की मौत, प्रशासन की निष्क्रियता पर भड़के लोग


जौनपुर। शाहगंज नगर में बीते कुछ वर्षों से बढ़ रहा बंदरों का आतंक अब जानलेवा साबित हो रहा है। नगर में बंदरों की संख्या में अचानक हुई बढ़ोतरी से लोगों का जीना दूभर हो गया है। आए दिन हमले, घरों में घुसपैठ और सामान का नुकसान आम बात हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका और वन विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हजारों लोग घायल हो चुके हैं और लाखों का नुकसान हो चुका है, फिर भी प्रशासन मौन है।

ताज़ा मामला: बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत
शनिवार दोपहर पक्का पोखरा मोहल्ले में 70 वर्षीय राजकुमारी देवी पत्नी रामफेर की अचानक हुई हादसे में मौत ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। जानकारी के अनुसार, वे अपने घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थीं तभी अचानक करीब आधा दर्जन बंदरों ने उन पर हमला कर दिया। हमले से डरकर वे सीढ़ियों की ओर भागीं, लेकिन घबराहट में संतुलन बिगड़ने से सीढ़ियों से नीचे गिर पड़ीं। परिजन उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

लोगों में उबाल — “कब जागेगा प्रशासन?”
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। नागरिकों का कहना है कि वर्षों से लगातार शिकायतें की गईं, लेकिन नगर पालिका और वन विभाग ने समस्या पर कभी गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो ऐसे हादसे टाले जा सकते थे।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ने और शहर से बाहर स्थानांतरित करने की व्यवस्था करे, अन्यथा आने वाले दिनों में ऐसी घटनाएँ और बढ़ सकती हैं।

About Author