Jaunpur news 150वीं जयंती पर निकली आठ किमी की एकता पदयात्रा — राज्यसभा सांसद दर्शन सिंह बोलीं: एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर निकली आठ किमी की एकता पदयात्रा — राज्यसभा सांसद दर्शन सिंह बोलीं: एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत
बदलापुर। भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को गांधीनगर से महाराजगंज विकासखंड तक भव्य एकता पदयात्रा निकाली गई। “एक भारत–आत्मनिर्भर भारत” संदेश के साथ आयोजित इस आठ किमी की यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और स्थानीय नागरिक डीजे व बैण्ड बाजों के बीच वंदे मातरम् और भारत माता की जय के उद्घोष करते चल रहे थे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती दर्शन सिंह ने पदयात्रा को राष्ट्रीय एकता और सेवा भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने लोगों को स्वदेशी अपनाने और नशामुक्ति का संकल्प दिलाते हुए कहा—
“सरदार पटेल ने 562 रियासतों का विलय कर अखंड भारत की नींव रखी। उनकी दूरदृष्टि, साहस और राष्ट्रनिष्ठा हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।”
पूर्व गृह राज्य मंत्री एवं भाजपा लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह ने कहा कि अगर हम सरदार पटेल के सपनों का भारत देखना चाहते हैं तो अपनी राजनीतिक सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाना होगा।
काशी प्रांत के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके विचारों को जीवन में उतारकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।
एकता पदयात्रा को जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिला प्रभारी अशोक चौरसिया सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के आयोजक बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि यह यात्रा लोगों में राष्ट्रभावना को मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि हजारों छात्रों की उत्साही भागीदारी युवाओं की देशभक्ति और समर्पण का अदम्य उदाहरण है।
यात्रा में अमित मिश्रा, यादवेंद्र प्रताप, सिद्धार्थ सिंह, रोहित सिंह, अवधेश उपाध्याय, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, दीपक मिश्रा, अखिलेश सिंह, अमरलाल तिवारी, कल्पना उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
