Jaunpur news करंट से चिपके युवक की जान बचाकर मिसाल बने सिपाही अजय वर्मा, शाहगंज पुलिस के साहस को सलाम
करंट से चिपके युवक की जान बचाकर मिसाल बने सिपाही अजय वर्मा, शाहगंज पुलिस के साहस को सलाम
विवेक ‘गोलू’
शाहगंज (जौनपुर)। शाहगंज कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर अपने मूल मंत्र “सेवा, सुरक्षा और शांति” को साकार कर दिखाया। छठ पूजा के दौरान करंट की चपेट में आए एक युवक की जान बचाने के लिए सिपाही अजय वर्मा ने अपनी जान की परवाह किए बिना साहस और मानवता की अद्भुत मिसाल पेश की।
घटना 28 अक्टूबर की तड़के सुबह की है, जब शाहगंज कस्बे के बौलिया घाट पर छठ पूजा के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। हजारों श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए घाट पर जुटे थे। बारिश के कारण मंदिर परिसर के टीनशेड में शॉर्ट सर्किट हुआ और लोहे की पाइप में करंट उतर आया। इसी दौरान राज मोदनवाल नामक युवक करंट की चपेट में आकर पाइप से चिपक गया और तड़पने लगा।
घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। तभी ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल अजय वर्मा ने बिना देर किए स्थिति को भांपा और अपनी जान जोखिम में डालते हुए युवक को करंट से अलग किया। उन्होंने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
पुलिस टीम की तत्परता से मौके पर एक बड़ी दुर्घटना टल गई। क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान के निर्देशन में घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी। मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक चंद्रभान यादव, हेड कांस्टेबल प्रमोद यादव, महिला आरक्षी आरती गौड़ व महिला आरक्षी अन्तिमा सिंह ने भी भीड़ को नियंत्रित करने और घायलों को मदद पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सिपाही अजय वर्मा के साहसिक कार्य की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। स्थानीय लोग और अधिकारी उनके साहस को सलाम कर रहे हैं, जिन्होंने अपने कर्तव्य और मानवता दोनों को एक साथ निभाते हुए एक अनमोल जीवन बचाया।

