Jaunpur news नहाय खाय के साथ आज से शुरू हुआ अनुष्ठान
इन्द्रजीत सिंह मौर्य की रिपोर्ट
नहाय खाय के साथ आज से शुरू हुआ अनुष्ठान
सूप दौरी समेत अन्य पूजन सामग्री खरीदने में दिनभर जुटे रहे श्रद्धालु
जौनपुर शहर में खरीदारों से पटा रहा बाजार
पूजा के लिए पीले रंग की साड़ी की अधिक डिमांड
जौनपुर। जिले में डाला छठ सूर्या अष्टमी का पर्व बड़े ही श्रद्धा के साथ मनाया जाता है । कार्तिक मास शुक्ल पक्ष के छठवें दिन मुख्य पूजन होता है। शनिवार को
जिले भर की लाखों व्रती महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर शाम को लौकी मिली चने की दाल और चावल भात खाकर महिलाओं ने व्रत का विधान आज से शुरू कर दीया।
पर्व को लेकर शनिवार जौनपुर शहर के ओलदगंज, कसेरी बाजार, कोतवाली चौराहा, सिपाह, पॉलिटेक्निक चौराहा समेत पूरे जिले भर दिनभर बाजार में गहमागहमी रही। महिलाओं ने सूप और दौरी तथा कपड़ों की खरीददारी की। कोई पूजा करने के लिए पीले रंग की साड़ी खरीद रही थी। कोई शलवार सूट और बच्चों के लिए भी कपड़े की जमकर खरीदारी कर रहा था। पूजा करने के लिए पीले रंग की साड़ी खरीदने वालों की सबसे अधिक भीड़ बाजार में देखी गई।
बच्चों के लिए भी किस्म किस्म के परिधान खरीदे गए।
रविवार को दिनभर खरना का व्रत रखकर शाम को खीर व पूड़ी खाएंगी। सोमवार से 24 घंटे का अखंड व्रत शुरू होगा। इसी दिन शाम को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया जाएगा। मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाएं व्रत का पारण करेंगी।
जिला प्रशासन भी छठ त्यौहार को लेकर पूरी तरह से अलर्ट मूड में है । नगर में तैयारियां जोरों पर हैं।प्रशासन, सफाई कर्मी दल और स्थानीय श्रद्धालु मिलकर घाटों की साफ-सफाई एवं सजावट में जुटे हुए हैं। सूर्योपासना के इस चार दिवसीय पर्व को लेकर नगर का वातावरण पूर्णतः धार्मिक रंग में रंग गया है। छठ पर्व पर संभावित भीड़ को देखते हुए अस्थायी प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधा केंद्रों की व्यवस्था भी की जा रही है।
बाक्स
खेतासराय में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर
खेतासराय। नगर के प्रमुख छठ घाट फक्कड़ बाबा की कुटिया व भारती विद्यापीठ परिसर स्थित तालाब घाट पर सफाई कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। नगर पंचायत द्वारा घाट तक जाने वाले मार्गों से कीचड़ हटाने, नालियों की सफाई, तथा प्रकाश व्यवस्था को पूर्ण कर लिया गया।
श्रद्धालु धर्मरक्षक मनीष गुप्ता, सीताराम फलहारी बाबा सहित कई स्वयंसेवक स्वेच्छा से सफाई कार्य में पूरे मनोयोग से लगे हैं। विद्यापीठ परिसर में मंच, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस बल की तैनाती की तैयारी की जा रही है। घाटों से घास-फूस और कचरे को हटाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
नगर पंचायत कर्मचारी प्रतिदिन घाटों की सफाई कर रहे हैं । ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी अलका मौर्या के निर्देश पर वार्डवार सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। जेसीबी मशीनों से मार्गों को समतल किया जा रहा है। इस दौरान सफाई नायक शिवशंकर यादव निन्हू, गुफरान, यावर अली, शोभनाथ पाल क अलावा
कार्यक्रम के व्यवस्थापक धर्म रक्षक मनीष गुप्ता,
अध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय,
के साथ शिवम पाठक, अभिनव पाण्डेय, विक्की गुप्ता, पवन और वीरू सहित कई लोग उपस्थित रहे।
बाक्स
महापर्व डाला छठ पूजा की तैयारियां पूरी, दुकानें सजी
गौराबादशाहपुर।
लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर गौराबादशाहपुर नगर पंचायत समेत भदेवरा और अन्य गांवों में तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। छठ पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह का माहौल है। दुर्गा पूजा, दीपावली खत्म होते ही छठ पूजा की तैयारी में लोग जुट जाते हैं। छठ पर्व को आस्था का महापर्व कहा जाता है। महापर्व छठ पर बांस से बने सामानों का विशेष महत्व है। पूजा में इस्तेमाल किये जाने वाले सामानों में सूप, डाला, दऊरा बांस से बने अन्य सामानों का विशेष महत्व होता है। इन सब चीजों के बिना छठ पर्व अधूरा माना जाता है। क्योंकि छठ पूजा में बांस से बने सामानों का अपना एक अलग ही महत्व है। बाजारों फल के साथ ही बांस से बने डाला, सूप, दऊरा की दुकानें सज गयी हैं।
