February 25, 2026

Jaunpur news भूखी-बेहोश नाबालिग की पुलिस ने की मदद, अस्पताल पहुंचाकर दिखाई मानवता

Share

भूखी-बेहोश नाबालिग की पुलिस ने की मदद, अस्पताल पहुंचाकर दिखाई मानवता

जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के कृषि भवन के पास बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक लगभग 15 वर्षीय नाबालिग लड़की अचेत अवस्था में पड़ी मिली। सूचना मिलते ही शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने महिला एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्पा देवी को मौके पर भेजा। महिला कांस्टेबलों के साथ पहुंची पुलिस टीम ने बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद उसे होश आया।

डॉक्टरों और पुलिस की लगातार तीन घंटे की कोशिशों के बाद बच्ची ने बताया कि वह लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चांदपुर ओवरब्रिज के नीचे अपने बड़े भाई संदीप कुमार के साथ रहती है। दोनों भाई-बहन कबाड़ बीनकर गुजारा करते हैं और बीते दो दिन से भूखे थे। यह जानकर पुलिसकर्मियों ने बच्ची को खाना खिलाया, कपड़े दिलवाए और पूरी तरह स्वस्थ होने तक देखभाल की।

होश में आने के बाद मेडिकल जांच में स्पष्ट हुआ कि उसके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। इलाज पूरा होने के बाद पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके भाई के सुपुर्द कर दिया।

गरीब नाबालिग की मदद कर पुलिस ने न केवल उसकी जान बचाई, बल्कि संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल भी पेश की। इस पहल की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।


About Author