Jaunpur news शिक्षकों को मिली राहत: पुनर्विचार याचिका दाखिल करने के मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत,
शिक्षकों को मिली राहत: पुनर्विचार याचिका दाखिल करने के मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत, 19 सितंबर को देशव्यापी ज्ञापन कार्यक्रम
सिकरारा, जौनपुर।
माननीय सर्वोच्च न्यायालय के टेट अनिवार्यता प्रकरण पर आए फैसले के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पुनर्विचार याचिका दाखिल करने के निर्देश को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने सराहा है।
प्रांतीय संयुक्त महामंत्री अमित सिंह ने इस कदम का स्वागत करते हुए प्रदेश के लाखों शिक्षकों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले ने शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। गौरतलब है कि 13 सितंबर को संघ के संरक्षक एवं विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की मांग की थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
अमित सिंह ने बताया कि इससे पहले 5 सितंबर को मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की घोषणा कर शिक्षक हित में ऐतिहासिक कदम उठाया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिक्षक हितों के प्रति संवेदनशील हैं और उनके नेतृत्व में शिक्षकों की सेवा सुरक्षित रहेगी।
वहीं, अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में 19 सितंबर को पूरे देशभर में एक साथ ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से भी पुनर्विचार याचिका दाखिल करने और अध्यादेश लाकर शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
