Jaunpur news भारत विकास परिषद शौर्य ने राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता आयोजित कर बढ़ाई सांस्कृतिक चेतना
भारत विकास परिषद शौर्य ने राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता आयोजित कर बढ़ाई सांस्कृतिक चेतना
जौनपुर। भारत विकास परिषद शौर्य के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. संदीप पाण्डेय के नेतृत्व में नगर के एक प्रतिष्ठित सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता व स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके बाद वंदे मातरम का गायन और शिव तांडव नृत्य प्रस्तुति से वातावरण उत्साहपूर्ण हो उठा।
पहले चरण में गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और विशिष्ट छात्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने अपने गुरुजनों का तिलक कर माल्यार्पण किया और मुख्य अतिथि के हाथों संयुक्त रूप से सम्मान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि पूर्व सदस्य उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग डॉ. आरएन त्रिपाठी ने चरित्र निर्माण को शिक्षा का प्रथम धर्म बताते हुए संस्था की पहल की सराहना की। विशिष्ट अतिथि डॉ. पूनम सिंह ने गुरु-शिष्य सम्मान कार्यक्रम को अद्वितीय बताया।
दूसरे चरण में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में मां दुर्गा सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम स्थान, डीबीएस इंटर कॉलेज रामदयालगंज ने द्वितीय स्थान और महावीर कान्वेंट स्कूल नखास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में पं. आशीष मिश्र, पं. सूर्यप्रकाश मिश्र और प्रज्ञा मिश्रा शामिल रहे।
विशिष्ट अतिथि एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव (आईपीएस) ने शौर्य संस्था की सराहना करते हुए कहा कि सच्ची जीत वही है जब व्यक्ति अपने आज के प्रदर्शन से कल बेहतर करे। उन्होंने कहा कि जीवन वही श्रेष्ठ है जो राष्ट्र सेवा को समर्पित हो।
कार्यक्रम में प्रांतीय गतिविधि संयोजक बीना पांडेय ने कहा कि प्रतियोगिता में कोई हारता नहीं, या तो जीतता है या सीखता है। कार्यक्रम का संचालन हर्षित गुप्ता और अतुल जायसवाल ने किया तथा समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

