Jaunpur news प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की चौथी वर्षगांठ पर पोषाहार वितरण कार्यक्रम
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की चौथी वर्षगांठ पर पोषाहार वितरण कार्यक्रम
छपरा, 09 सितंबर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान (पीएमटीबीएमबीए) की चौथी वर्षगांठ पर ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा सारण जिले में टीबी मरीजों के बीच जागरूकता और पोषाहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर समिति की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह ने कहा कि टीबी अक्सर रोगियों में कुपोषण और वजन की कमी का कारण बनता है, जिससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। वहीं, कुपोषण प्रतिरक्षा प्रणाली को भी कमजोर कर देता है, जिससे मरीजों को संक्रमण से उबरने में कठिनाई होती है।
उन्होंने बताया कि संस्था अब तक उत्तर प्रदेश और बिहार के लगभग तीन हजार से अधिक टीबी मरीजों को गोद लेकर बीस हजार से ज्यादा पोषाहार वितरित कर चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान का एक अहम हिस्सा रोगियों को मासिक आधार पर पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है, जिससे न केवल उनकी पोषण संबंधी आवश्यकताएं पूरी होती हैं, बल्कि ‘निक्षय मित्र’ और मरीज के बीच संवेदनशील संबंध भी स्थापित होते हैं।
डॉ. अंजू सिंह ने यह भी बताया कि संस्था द्वारा पोषण सहायता के साथ-साथ रोगियों और उनके परिवारों को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें ताकि वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. अमरेंद्र प्रसाद सिन्हा, राकेश कुमार सिंह, धर्मेंद्र रस्तोगी समेत स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीसी, एसटीएस, एसटीएलएस सहित कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

