Jaunpur news गणपति पूजा महासमिति का 22वाँ पुरस्कार वितरण एवं शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

जौनपुर : गणपति पूजा महासमिति का 22वाँ पुरस्कार वितरण एवं शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
जौनपुर। बीते रविवार को श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर ट्रस्ट का 22वाँ पुरस्कार वितरण एवं शपथ ग्रहण समारोह शहर के घनश्यामदास बैंकर का बगीचा परिसर में धूमधाम से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मछलीशहर विधायक डॉ. रागिनी सोनकर मौजूद रहीं, जबकि अध्यक्षता ज्ञानप्रकाश सिंह ने की। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. क्षितिज शर्मा और विशिष्ट अतिथियों में दिनेश टंडन (पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद), डॉ. सरफराज खान (प्रतिनिधि अध्यक्ष नगर पंचायत जफराबाद) तथा मनोज मिश्र एडवोकेट (पूर्व अध्यक्ष कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति) शामिल रहे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य संरक्षक पं. अवधेश चतुर्वेदी के सान्निध्य में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ हुआ। इसके बाद नव चयनित अध्यक्ष दीपक जावा, महासचिव पवन दुबे व कोषाध्यक्ष विशाल खत्री सहित पूरी टीम ने शपथ ग्रहण की।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
निर्णायक मंडल के अनुसार—
शोभा यात्रा : प्रथम स्थान श्री शिव शक्ति बाल गणेश संस्था (ईसापुर), द्वितीय श्री गणेश मित्र मंडल (रसूलाबाद), तृतीय नव बाल तरंग समिति (अहियापुर)।
पूजन पंडाल (शहरी) : प्रथम श्री नव युवक गणेश उत्सव (रसूलाबाद), द्वितीय बाबा श्री जागेश्वरनाथ (आलमगंज), तृतीय श्री शिव शक्ति बाल संस्था (ताड़तला)।
पूजन पंडाल (ग्रामीण) : प्रथम सार्वजनिक गणेशोत्सव पूजा समिति (गौराबादशाहपुर), द्वितीय नवीन बाल संस्था (बंजारेपुर), तृतीय जय बुढ़ऊ बाबा गणपति पूजा संस्था (धर्मापुर)।
विशेष पुरस्कारों में अनुशासन हेतु श्री गणेश पूजा बाल संस्था (सिपाह), उत्कृष्ट झांकी हेतु सार्वजनिक गणेश पूजा बाल समिति (बेगमगंज चुंगी), मार्ग सजावट हेतु शीतला कार्य समिति ट्रस्ट (चौकियां धाम) तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु बाल संस्था (खानपुर अकबर) को सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य 70 समितियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।
अतिथियों का संबोधन
मुख्य अतिथि डॉ. रागिनी सोनकर ने महासमिति की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि समिति ने गंगा-जमुनी तहजीब को संरक्षित करने का जो कार्य किया है, वह अनुकरणीय है। उन्होंने पुरस्कृत संस्थाओं को बधाई देते हुए नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ दीं।
अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश सिंह ने आश्वस्त किया कि आगामी एक वर्ष के भीतर विसर्जन घाट पर अत्याधुनिक एवं पक्का कुंड का निर्माण कराया जाएगा ताकि गणेश प्रतिमा का विसर्जन श्रद्धा और आस्था के साथ हो सके।
मुख्य वक्ता डॉ. क्षितिज शर्मा ने भगवान गणेश के स्वरूप को मेडिकल साइंस के दृष्टिकोण से समझाते हुए आयोजन की सराहना की। वहीं, विशिष्ट अतिथिगण दिनेश टंडन, डॉ. सरफराज खान और मनोज मिश्र ने संयुक्त रूप से सभी विजेता समितियों व नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का संचालन संजीव यादव एडवोकेट (मुख्य ट्रस्टी) ने किया, स्वागत भाषण नवीन सिंह बसगोती ने दिया तथा आभार निवर्तमान अध्यक्ष संजय जांडवानी ने प्रकट किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रिंस सेठ, अरशद कुरैशी, आशीष बोस, चंद्रेश यादव एडवोकेट, सुमित अग्रहरि, मनोज मौर्य, रंजीत गुप्ता, गौरव यादव, संतोष सेठ, अभिषेक सेठ गोल्डी, शिवधनी यादव, शशिकेष साहू सहित अनेक लोगों का विशेष योगदान रहा।