September 23, 2025

Jaunpur news नेता प्रतिपक्ष के रूप में विपक्ष ने दिखाया दमदार चेहरा: लकी त्रिपाठी

Share


नेता प्रतिपक्ष के रूप में विपक्ष ने दिखाया दमदार चेहरा: लकी त्रिपाठी
इमलों बाजार में सपा कार्यकर्ताओं संग बैठक कर बोले राज्य कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य

जफराबाद।
समाजवादी पार्टी के विशेष आमंत्रित सदस्य, राज्य कार्यकारिणी उत्तर प्रदेश, आलोक त्रिपाठी लकी ने धर्मापुर ब्लॉक क्षेत्र के इमलों बाजार में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर वर्तमान राजनीतिक हालातों पर चर्चा की।

बैठक में लकी त्रिपाठी ने कहा कि संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिया गया भाषण न केवल विपक्ष की एकजुटता को दर्शाता है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना की दिशा में एक मजबूत कदम भी है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में संसद में विपक्ष की कमजोर उपस्थिति पर सवाल उठते रहे, लेकिन अब राहुल गांधी ने समूचे विपक्ष की ओर से प्रभावशाली नेतृत्व करते हुए जनता की आवाज को मजबूती से उठाया है।

उन्होंने कहा, “29 जुलाई को संसद में ऐसा सन्नाटा था कि अगर जमीन पर पिन गिरती तो उसकी आवाज सुनाई देती। यह विपक्ष की एकता और नेता प्रतिपक्ष की धारदार शैली का असर था। राहुल गांधी का भाषण सिर्फ सीमाओं की उपेक्षा या विदेश नीति की खामियों की आलोचना भर नहीं था, बल्कि उन्होंने समाधान और दिशा भी प्रस्तुत की। विदेश मंत्री एस. जयशंकर की असफलताओं को स्पष्ट करते हुए, राहुल गांधी ने जनता की भावनाओं को स्वर दिया।”

लकी त्रिपाठी ने कहा कि संसद में विपक्षी सांसदों, खासकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य तेजतर्रार नेताओं की उपस्थिति ने विपक्ष को और अधिक सशक्त बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें।

इस अवसर पर सपा नेता प्रभाकर दूबे, रमेश यादव, रामफल यादव, कैलाश यादव, अशोक यादव, मंजेश यादव समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


About Author