Jaunpur news पति की प्रताड़ना से त्रस्त महिला ने पुलिस से लगाई गुहार, चेतावनी के बाद लौटी घर
पति की प्रताड़ना से त्रस्त महिला ने पुलिस से लगाई गुहार, चेतावनी के बाद लौटी घर
Jaunpur news जफराबाद (जौनपुर)। क्षेत्र के समोपुर कला गांव की रहने वाली शोभावती देवी ने पति की मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर स्थानीय पुलिस से सहायता की गुहार लगाई है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पति न केवल उसे बल्कि बच्चों को भी लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है।
पीड़िता ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसके पति राजेश यादव मुम्बई में ट्रक चालक है, लेकिन वह परिवार के भरण-पोषण के लिए कोई आर्थिक सहायता नहीं करता। तीन बच्चों की परवरिश के लिए उसे दूसरों के घरों में मजदूरी करनी पड़ रही है।
शोभावती का आरोप है कि राजेश किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त है और जब भी घर आता है, तो उसके साथ जबरन संबंध बनाने का दबाव बनाता है। मना करने पर वह मारपीट करता है और गाली-गलौज करता है। हाल ही में जब वह घर आया तो हालात बिगड़ने पर पीड़िता अपने मायके भाग गई। इसके बाद पति ने गुस्से में बच्चों से मारपीट और घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को थाने बुलाकर कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी। फिलहाल पीड़िता डरी-सहमी स्थिति में वापस अपने घर लौट गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले पर नजर रखी जा रही है और यदि दुबारा कोई अप्रिय घटना होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
