February 2, 2026

Jaunpur news सात दिनों में पूरा होगा प्राचीन शिव मंदिर का जीर्णोद्धार: जिलाधिकारी

Share


सात दिनों में पूरा होगा प्राचीन शिव मंदिर का जीर्णोद्धार: जिलाधिकारी
पीली नदी पुनर्जीवन कार्य 90% पूर्ण, जल्द दिखेगा जलधारा का स्वरूप

Jaunpur news जौनपुर। तहसील बदलापुर के ग्राम पंचायत देवरिया स्थित प्राचीन शिव मंदिर का सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से जारी है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने रविवार को मंदिर स्थल का औचक निरीक्षण कर बताया कि अगले सात दिनों में मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के प्रारंभ से पूर्व मंदिर श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह से तैयार रहेगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिकों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की और उन्हें मिष्ठान व फल वितरित किए। उन्होंने कहा कि यह प्राचीन शिव मंदिर स्थानीय आस्था का प्रमुख केंद्र है और श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में उनके लिए सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व पीली नदी के निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी को मंदिर की प्राचीनता और धार्मिक महत्व से अवगत कराते हुए जीर्णोद्धार की मांग की थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने जनसहभागिता के माध्यम से 10 दिनों के भीतर जीर्णोद्धार कार्य कराने के निर्देश उपजिलाधिकारी बदलापुर को दिए थे।

पीली नदी का कायाकल्प कार्य भी अंतिम चरण में

इसी क्रम में जिलाधिकारी ने पीली नदी पुनर्जीवन परियोजना के तहत चल रहे खुदाई कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि 11 जून 2025 से शुरू हुए इस कार्य का 90 प्रतिशत हिस्सा पूर्ण हो चुका है, और वर्षा के चलते अब नदी तल में जलभराव भी दिखाई देने लगा है।

उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर प्रत्येक जनपद में एक नदी का पुनर्जीवन किया जाना है, और जनपद जौनपुर में पीली नदी को पुनर्जीवित करने का संकल्प अब साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने इस कार्य में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, श्रमिकों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों का आभार जताया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बदलापुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


About Author