Jaunpur news घटिया निर्माण कार्य को लेकर नगरवासियों ने किया जोरदार प्रदर्शन

IMG-20250623-WA0064
Share


घटिया निर्माण कार्य को लेकर नगरवासियों ने किया जोरदार प्रदर्शन
– मानक दरकिनार कर कराया जा रहा सीसी रोड का निर्माण

Jaunpur news जौनपुर। नगर पंचायत कजगांव के माधोपट्टी वार्ड में हो रहे सीसी रोड निर्माण कार्य को लेकर नगरवासियों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरी तरह से मानकों की अनदेखी कर किया जा रहा है, जिससे नाराज होकर उन्होंने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सीसी रोड निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है और निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन और ठेकेदार पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरा कार्य केवल दिखावा बनकर रह गया है।

स्थानीय निवासी राधेश्याम गौतम, सूरज कन्नौजिया, आलोक मौर्य, अखिलेश यादव सहित दर्जनों लोगों ने निर्माण स्थल पर इकट्ठा होकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी समेत सभी जिम्मेदार अधिकारी इस मुद्दे पर आंख मूंदे बैठे हैं और कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं।

नगरवासियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इस भ्रष्ट निर्माण कार्य पर रोक नहीं लगाई गई और निर्माण गुणवत्ता की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन को बाध्य होंगे।

बताते चलें कि नगर पंचायत कजगांव पूर्व में भी निर्माण कार्यों में अनियमितताओं को लेकर चर्चा में रह चुका है। इस बार भी वही कहानी दोहराई जा रही है, जिससे आम जनता में गहरा असंतोष व्याप्त है।