Jaunpur news दहेज में क्रेटा कार की मांग पर बारात लाने से किया इनकार, 5 नामजद समेत 4 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

दहेज में क्रेटा कार की मांग पर बारात लाने से किया इनकार, 5 नामजद समेत 4 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
जौनपुर।
Jaunpur news कोतवाली पुलिस ने दहेज में कार और नगदी की मांग को लेकर बारात लाने से इनकार करने वाले दूल्हे पक्ष के 5 नामजद सहित कुल चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पीड़ित पिता की तहरीर पर की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बक्सा थाना क्षेत्र के शंभूगंज निवासी शलीम अहमद पुत्र स्वर्गीय शेख बनारसी ने अपनी पुत्री का विवाह वाराणसी के कबीरपुर निवासी वजीर पुत्र अब्दुल माजीद के साथ तय किया था। तय शर्तों के अनुसार वधूपक्ष द्वारा ₹3 लाख नगद, एक सोने की चेन व ₹25,000 के कपड़े आदि दिए गए थे।
बारात 21 जून की रात आनी तय थी, जिसके लिए वी-मार्ट के पास स्थित अकबर पैलेस मैरिज हाल में करीब 300 लोगों के खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था की गई थी। रात करीब 11 बजे दूल्हे की मां, भाभी और बहन मैरिज हाल पर पहुंचीं और बताया कि बारात पीछे आ रही है।
हालांकि रात 3 बजे तक जब बारात नहीं पहुंची, तब दूल्हे की मां ने बताया कि लड़का अब दहेज में क्रेटा कार और अतिरिक्त नगद की मांग कर रहा है। यह सुनते ही वधूपक्ष के होश उड़ गए और विवाह की सारी तैयारियाँ धरी की धरी रह गईं।
इस प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने वधूपक्ष की तहरीर के आधार पर वजीर पुत्र अब्दुल माजीद सहित छह नामजद और 4 अज्ञात लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।