Jaunpur news भाजपा ने मनाया “11 साल बेमिसाल”: मोदी सरकार की उपलब्धियों पर हुई संगोष्ठी

Share


जौनपुर में भाजपा ने मनाया “11 साल बेमिसाल”: मोदी सरकार की उपलब्धियों पर हुई संगोष्ठी

गिरीश चंद्र यादव बोले: मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर स्थापित की नई पहचान

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला जौनपुर द्वारा “11 साल बेमिसाल” अभियान के अंतर्गत एक भव्य संगोष्ठी एवं प्रोफेशनल मीट का आयोजन होटल रिवर व्यू में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के युवा एवं खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व प्रदेश महासचिव विद्यासागर सोनकर और पूर्व जिलाध्यक्ष प्रतापगढ़ ओमप्रकाश त्रिपाठी उपस्थित रहे।

मोदी का नेतृत्व असंभव को संभव बनाता है: गिरीश चंद्र यादव
अपने संबोधन में मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में विश्व की सबसे ऊंची रेल पुल का निर्माण, आतंकवाद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, और संविधान की रक्षा के प्रति मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो आज संविधान की बात करते हैं, वही पहले राष्ट्रपति शासन और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का दुरुपयोग करते थे।

मोदी की दृढ़ता से बची भारत की अखंडता: विद्यासागर सोनकर
विशिष्ट अतिथि विद्यासागर सोनकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ संकल्प से देश की एकता, अखंडता और सार्वभौमिकता अक्षुण्ण बनी रही है। उन्होंने मोदी सरकार द्वारा कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख तक का मुफ्त इलाज, और गरीबों को मिलने वाली सुविधाओं को उल्लेखनीय बताया।

11 साल तुष्टिकरण से विकास की ओर: ओमप्रकाश त्रिपाठी
पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी ने मोदी सरकार के 11 साल को “स्वर्ण अक्षरों में लिखे जाने योग्य” बताया। उन्होंने अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर रोक, नागरिकता संशोधन कानून, नोटबंदी और महिला आरक्षण को सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों में गिना। साथ ही उन्होंने भारत को विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर बताया।

नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प: पुष्पराज सिंह
भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का संकल्प लिया है। साथ ही उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत और जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ पहुंचाया गया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक सुधारों में ऐतिहासिक कार्य: रमेश चंद्र मिश्र
बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने मोदी सरकार की नीतियों को राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुधारों के क्षेत्र में क्रांतिकारी बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान परस्त आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देने की नीति से भारत की सैन्य और कूटनीतिक छवि सशक्त हुई है।

प्रेस वार्ता में गिरीश यादव का संबोधन
संगोष्ठी उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मोदी सरकार ने “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के सपने को साकार किया है। उन्होंने कहा कि गरीबों के जीवन स्तर में सुधार, जलापूर्ति हेतु “हर घर नल योजना”, निःशुल्क गैस कनेक्शन और प्रदेश सरकार द्वारा दो बार खाद्यान्न वितरण जैसी योजनाएं लोगों के जीवन को सरल बना रही हैं।

अन्य नेताओं के भी विचार
कार्यक्रम में लोकसभा जौनपुर प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह, मुंगराबादशाहपुर प्रत्याशी अजय शंकर दुबे, नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह और अर्चना शुक्ला ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री सुशील मिश्र ने किया।

कार्यक्रम में जिले के प्रबुद्ध वर्ग के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


About Author