Jaunpur news ईद-उल-अज़हा की नमाज़ को लेकर शाही ईदगाह कमेटी ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

IMG-20250602-WA0060
Share


ईद-उल-अज़हा की नमाज़ को लेकर शाही ईदगाह कमेटी ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

Jaunpur news जौनपुर, 2 जून: आगामी ईद-उल-अज़हा के त्योहार को लेकर शाही ईदगाह कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को नगर मजिस्ट्रेट श्री इंद्र नंदन सिंह से मिला। कमेटी के सचिव शोएब खान अच्छू के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने त्योहार के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने नगर प्रशासन से मांग की कि ईद के दिन शाही ईदगाह पर नमाज़ के दौरान बिजली की निर्बाध आपूर्ति, यातायात व्यवस्था, और मुख्य मार्ग पर स्थित नाले के किनारे पटिया निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। इसके अतिरिक्त साफ-सफाई और समुचित सुरक्षा व्यवस्था की भी मांग की गई।

मांगों को गंभीरता से लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट श्री सिंह ने आश्वासन दिया कि वे स्वयं एक-दो दिनों में शाही ईदगाह का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि ईद-उल-अज़हा का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

इस अवसर पर शाही ईदगाह कमेटी के उपाध्यक्ष नयाज़ ताहिर शेखू एडवोकेट, मरकज़ी सीरत कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हफ़ीज़ शाह, कानूनी सलाहकार व पूर्व शासकीय अधिवक्ता मेहदी रज़ा एडवोकेट, ज़फर शोएब, शमीम अहमद एडवोकेट, मुमताज़ अहमद एडवोकेट (अध्यक्ष, शाही ईदगाह कमेटी) सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।