Jaunpur news डॉ. संजय श्रीवास्तव के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर सम्मान समारोह आयोजित, शोभायात्रा की बनी रणनीति

Share


डॉ. संजय श्रीवास्तव के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर सम्मान समारोह आयोजित, शोभायात्रा की बनी रणनीति

जौनपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 7235 भारत के चिकित्सा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर डॉ. संजय श्रीवास्तव का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम श्री चित्रगुप्त पूजन महासमिति एवं श्री पैथोलॉजी डायग्नोस्टिक सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टंडन ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त समस्त जातियों और धर्मों के आराध्य हैं, जो पृथ्वी पर समस्त जीव-जंतुओं का लेखा-जोखा रखते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारी समाज भगवान चित्रगुप्त की पूजन शोभायात्रा में तन-मन-धन से सहभागी रहेगा।

श्री चित्रगुप्त पूजन महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव साधु ने कहा कि शोभायात्रा का आयोजन सभी सामाजिक संगठनों के सहयोग से किया जाएगा। वहीं, सम्मान से अभिभूत डॉ. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण से निभाएंगे।

स्वागत भाषण देते हुए पैथोलॉजी के एमडी डॉ. रवि शंकर सिंह ने कहा कि वे सदैव भगवान चित्रगुप्त के पूजन से दिन की शुरुआत करते हैं। भाजपा नेता राजेश श्रीवास्तव ‘बच्चा भईया’ ने घोषणा की कि शीघ्र ही बारीनाथ मठ स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर में महासमिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के जिलाध्यक्ष डॉ. उमाकांत श्रीवास्तव, व्यापार मंडल महामंत्री राम कुमार साहू, कायस्थ महासभा जिलाध्यक्ष एडवोकेट मनोज श्रीवास्तव, व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी, कायस्थ संघ अंतर्राष्ट्रीय जिलाध्यक्ष अजय वर्मा ‘अज्जू’, वरिष्ठ नेता रवि श्रीवास्तव, प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कुमार श्रीवास्तव ‘दिन्नू’ और उमेश श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने संबोधित किया और शोभायात्रा को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।


About Author