February 1, 2026

केराकत पुलिस के कारनामे जारी, चौकी इंचार्ज पर जूते से मारने का आरोप

Share

जौनपुर। केराकत सर्किल की पुलिस आए दिन अपने कारनामों से सुर्खियों में है। बीते दिनों अलग-अलग मामलों में चार सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया और एक सिपाही को जेल भेजा गया। इसके बावजूद, केराकत पुलिस के रवैये में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।

ताजा मामला केराकत कोतवाली के थानागद्दी पुलिस चौकी इंचार्ज का है, जहां चौकी इंचार्ज विद्यासागर सिंह पर एक व्यक्ति ने दुर्व्यवहार और जूते से मारनें का गंभीर आरोप लगा है। केराकत कोतवाली क्षेत्र के मई गांव निवासी आकाश सिंह ने चौकी इंचार्ज पर यह आरोप लगाया है। आकाश ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित अन्य उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय और कार्रवाई की मांग की है।

आकाश सिंह का कहना है कि वह बाजार से घर लौटते समय अपने खेत के पास खनन कार्य होते देख रुक गया। वहां करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी और गांव वाले खड़े थे। जब उसने इस मामले में जानकारी लेनी चाही, तो चौकी इंचार्ज विद्यासागर सिंह ने दुर्व्यवहार किया और जूता फेंककर उसे मारा। पीड़ित का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर उसे दौड़ाया, जिससे वह डर गया और जान बचाकर वहां से भागा।

इस मामले में क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

About Author