आई एम ए के नेता ने राजस्व टीम पर किया हमला

लेखपाल के साथ दुर्व्यवहार कर जान से मारने की धमकी
आई एम में नेता समेत आधा दर्जन के खिलाफ लेखपाल ने जानलेवा हमले की दी तहरीर
खेतासराय।
कस्बा के प्राथमिक विद्यालय के पास बटवारे की भूमि की पैमाइश कर रहे राजस्व कर्मियों की टीम पर आई एम ए के नेता और उनके गुर्गों ने शुक्रवार को हमला बोल दिया । इस हमले में लेखपाल संदीप श्रीवास्तव, संतोष यादव के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी । बवाल बढ़ने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन मन बढ़ किस्म के दबंगों ने पुलिस के सामने ही घंटों देर तक लाठी-डंडे लेकर उग्र प्रदर्शन करते रहे।
खेतासराय थाना क्षेत्र के उत्तरी छोर पर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास बांके लाल यादव अपनी बैनामा सुदा भूमि पर निर्माण करा रहे हैं। उनके विपक्षी और आई एम ए के नेता मोहम्मद फारूक आजम ने उप जिलाधिकारी शाहगंज के यहां इस बात की आपत्ति किया कि बांके लाल यादव अवैध रूप से मेरी भूमि में बढ़ाकर निर्माण करा रहे हैं। जिसके बाद खेतासराय पुलिस ने निर्माण को रुकवा दिया। एसडीएम अंकित कुमार के निर्देशन में गठित राजस्व अधिकारियों की टीम में राजस्व निरीक्षक अखिलेश यादव, कस्बा लेखपाल संदीप श्रीवास्तव, दूधनाथ कुमार और संतोष यादव गुरुवार से भूमि की पैमाइश कर रहे थे।
पहले दिन का कार्य पूर्ण होने पर बाकी पैमाइश का कार्य 30 दिसंबर की अपराह्न 3:30 बजे तक शांतिपूर्वक चल रहा था।
इस दौरान पड़ोस के मोहम्मद सोहराब व आई एम ए नेता मो फारूक आजम अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच कर राजस्व कर्मियों को भद्दी भद्दी गालियां देने लगे।
कर्मियों ने समझाया की 2 दिन से पैमाइश चल रही है सब कुछ ठीक है, विवाद मत करिए ।
इतना कहते ही आई एम ए नेता के साथ आए 50 की संख्या में लोगों ने राजस्व टीम पर हमला बोल दिया। जिसमें लेखपाल संदीप श्रीवास्तव, संतोष यादव और भू राजस्व निरीक्षक अखिलेश यादव चोटिल हो गए।
राजस्व कर्मियों ने मामले की सूचना एसडीएम शाहगंज अंकित कुमार को दी।
उन्होंने खेतासराय थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह को
भारी पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। जिसके बाद पुलिस ने लाठी पीट कर सभी शरारती तत्वों को खदेड़ दिया और दोनों पक्षों को बातचीत करने के लिए थाने पर बुलाया। इस संबंध में कस्बा लेखपाल संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्व निरीक्षक टीम पर हमला करने के आरोप में हमने आई एम ए नेता मोहम्मद फारूक आजम पुत्र स्वर्गीय वसीउल्लाह व उनके पुत्र सद्दाम,
सोहराब पुत्र स्वर्गीय असगर निवासी कोहरउठी,
सिराज पुत्र पथरू जोगी, नबीउल्लाह जोगी पुत्र स्वर्गीय लाल मोहम्मद उर्फ लालू समेत अन्य के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है।
