August 19, 2026

टीबी नोटिफिकेशन बढाने को लेकर 17 पर्यवेक्षकों को निजी अस्पताल आवंटित टीबी मुक्त भारत अभियान

Share

टीबी नोटिफिकेशन बढाने को लेकर 17 पर्यवेक्षकों को निजी अस्पताल आवंटित
टीबी मुक्त भारत अभियान

  • सरकारी व निजी क्षेत्र के अस्पतालों के लिए जारी नोटिफिकेशन लक्ष्य की हुई समीक्षा
  • इस साल 2500 लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 1,124 का हुआ नोटिफिकेशन
    जौनपुर, 23 दिसम्बर 2022 । राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सरकारी तथा निजी क्षेत्र के अस्पतालों के लिए जारी नोटिफिकेशन के लक्ष्य की जिला क्षय नियंत्रण केंद्र पर गुरुवार को समीक्षा हुई । इस दौरान जनपद के कुल 17 पर्यवेक्षकों को निजी अस्पताल आवंटित करते हुए उन्हें 31 दिसम्बर तक शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया गया ।
    बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जनपद में निजी क्षेत्र के लिए आवंटित कुल 2,500 क्षय रोगियों के नोटिफिकेशन के लक्ष्य के सापेक्ष 1,124 मरीजों का नोटीफिकेशन हुआ है । इसलिए संबंधित स्टाफ को स्वास्थ्य इकाइयों पर उपस्थित होकर स्वयं नोटिफिकेशन कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया । जिन निजी चिकित्सा इकाइयों ने पूरे वर्ष में एक भी मरीज का नोटिफिकेशन नहीं किया है, विभाग उन्हें नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। नोटिफिकेशन का लक्ष्य प्राप्त करने के साथ-साथ शासन की ओर से मरीजों को दी जाने वाली डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी), उपचार की सफलता दर एवं मरीजों को गोद दिलाने की भी समीक्षा हुई । इस समय उपचाराधीन समस्त क्षय रोगियों को 29 दिसम्बर तक जनप्रतिनिधियों के माध्यम से गोद दिलाया जाएगा ।
    जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ राकेश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) की समीक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की भी समीक्षा की । उन्होंने शासन की ओर से जारी निर्देशों का समय से पालन करने का निर्देश दिया । जनपद की डीटीसी, रामपुर, शाहगंज, मछलीशहर, बदलापुर, जलालपुर, धर्मापुर, मुंगराबादशाहपुर क्षयरोग इकाइयों ने अपने वार्षिक नोटिफिकेशन लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। शेष यूनिट को भी 31 दिसम्बर तक लक्ष्य पूरा करने के लिए निर्देशित किया गया है । सभी मरीजों को पोषण सहयोग देने के लिए तथा मरीजों की जीओ टैगिंग का कार्य अगले पांच दिनों में पूरा करने को कहा गया ।
    कार्यक्रम की अध्यक्षता डीटीओ डॉ राकेश कुमार सिंह ने की । कार्यक्रम की प्रगति का प्रस्तुतीकरण राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के जिला समन्वयक (डीपीसी) सलिल यादव ने किया। एड्स कार्यक्रम की प्रगति की प्रस्तुति टीबी-एचआईवी कोआर्डिनेटर पीयूष गुप्ता ने दी।
    बैठक में कार्यक्रम के जनपदीय समन्वयकों सहित जनपद के समस्त ट्रीटमेंट सुपरवाइजर (एसटीएस), ट्रीटमेंट लैब सुपरवाइजर (एसटीएलएस), टीबी होम विजिटर्स (टीबीएचवी), जनपदीय डीईओ, एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के आईसीटीसी केंद्र (इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर) , एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) केंद्र, पीपीटीसीटी केंद्रों के स्टाफ के साथ ही कार्य कर रहीं संस्थाएं जैसे टीआई, लक्षित हस्तक्षेप परियोजना, विहान, जौनपुर पॉज़िटिव नेटवर्क के जनपदीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

About Author