जिलाधिकारी के आदेश पर बुलडोजर चलाकर बाजार से अतिक्रमण हटवाया

जौनपुर
प्रशासनिक अधिकारियों से कुछ दुकानदारों ने की झड़प
थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी बाज़ार में बाबा का बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। पुलिस की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों ने थानागद्दी-रतनूपुर मुख्य मार्ग पर बनी दुकानों पर कार्रवाई की।सड़क पर अतिक्रमण कर बनाई दुकानों को टूटता देख दुकानदारों में हड़कंप मचा गया। कुछ दुकानदारो की प्रशासनिक अधिकारियों से झड़प हो गयी।
मालूम हो कि थानागद्दी बाजार में दुकानों और मकानों के सामने कुछ अतिक्रमणकारियों ने अवैध तरीके से अतिक्रमण कर रखा था। अवैध तरीके से दुकानों के सामने टीन शेड लगाकर व लकड़ी के तख्त डालकर रास्तों को संकरा कर दिया था। इसके चलते आवागमन में लोंगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। बाजार से वाहन गुजरते समय जाम की स्थिति बन जाती है। बता दे कि अतिक्रमण की शिकायत लोगों ने कई बार जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों से की थी। इसे लेकर बाजार में पुलिस के साथ उपजिलाधिकारी द्वारा दो माह पूर्व अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए चेतावनी दी गई थी किन्तु कोई पालन नही किया । आज मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के आदेश पर तहसीलदार अमित त्रिपाठी व पीडब्लूडी के सहायक अभियंता एहतेशामुल हक थानागद्दी चौकी प्रभारी रोहित कुमार मिश्र सहित पुलिस बल एवं प्रशासन कर्मचारियों के साथ बुलडोजर लेकर अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंचे।पूरे बाजार में अवैध अतिक्रमण पर बाबा का बुलडोजर जमकर गरजा । अवैध तरीके से लगी दीवार और टीन शेड को बुलडोजर से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। बुलडोजर द्वारा पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को देख अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ आक्रमणकारी अपने आप अपने अतिक्रमण के सामान को खोल कर ले जाते हुए नजर आए। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अवैध अतिक्रमण को लेकर चेतावनी दी गई। अतिक्रमण हटाने वाली टीम में पीडब्ल्यूडी जेई मंजूर आलम, कानूनगो शैलेन्द्र प्रताप सिंह, लेखपाल चंद्रजीत यादव, लेखपाल राजेश श्रीवास्तव, लेखपाल मनीष मौर्य, लेखपाल कमलेश यादव आदि रहे।
