February 22, 2026

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के धरने में शामिल होंगे सभी विभागों के कर्मचारी : डॉ प्रदीप सिंह

Share

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के धरने में शामिल होंगे सभी विभागों के कर्मचारी : डॉ प्रदीप सिंह

शनिवार राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जौनपुर की 07 नवंबर के धरने के संदर्भ में आवश्यक रणनीति बनाने हेतु कोर कमेटी की बैठक डॉ प्रदीप सिंह की अध्यक्षता में कृषि भवन सभागार में संपन्न हुयी। सेवानिवृत्त पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संरक्षक सीबी सिंह ने उपस्थित समस्त विभागों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नई पेंशन योजना के साथ ही पुरानी पेंशन योजना से आच्छादित कर्मचारी भी सरकार की विसंगतिपूर्ण आर्थिक नीतियों के कारण आज खतरे में है, अतः सभी को एक साथ मिलकर पुरानी पेंशन योजना की बहाली की सफलता हेतु पूर्ण नैतिक आत्मबल एवं विश्वास के साथ संघर्ष करना चाहिए। आंगनबाड़ी संघ की प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरिता सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्थायी कर्मचारी घोषित करने या सम्मानजनक मानदेय देने के लिए परिषद को जनपद के समस्त विकास खंडों से धरने के दिन समर्थन का वादा किया। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अमर बहादुर यादव ने सफाई कर्मचारियों की सेवा नियमावली एवं उन्हें पदोन्नति देने की मांग को लेकर पूरे जनपद के कर्मचारियों के साथ सहभागिता की बात कही। अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने परिषद के धरने के समर्थन में लिखित पत्र जारी किया। संघर्ष समिति के चेयरमैन एवं कोषागार के अध्यक्ष दयाराम गुप्ता ने तन मन धन के साथ जनपद के कर्मचारियों से धरने को समर्थन देने की अपील किया। उत्तर प्रदेश जल निगम के सचिव एवं परिषद के संयुक्त मंत्री सुजीत विश्वकर्मा ने 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन की सफलता हेतु अपना विश्वास व्यक्त किया। ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के जिला मंत्री रामकृष्ण पाल ने संघर्ष ही सफलता की जननी है का उद्घोष किया। परिषद के जिला मंत्री देवेश कुमार यादव ने समस्त विभागों की महत्वपूर्ण मांगों पर सरकार को सहानुभूति पूर्वक विचार कर सम्यक निर्णय लेने की बात कही। डॉ प्रदीप सिंह ने संविदा/आउटसोर्सिंग/ मानदेय के कर्मचारियों का उड़ीसा सरकार की भांति स्थायीकरण करने तथा बुढ़ापे की लाठी पुरानी पेंशन जो अब पांच राज्यों में लागू हो चुकी है उत्तर प्रदेश में भी लागू करने की बात कही तथा 07 नवंबर के शांतिपूर्ण धरने में बिना किसी भेदभाव के समस्त विभागों के कर्मचारियों से सहभागिता करने की अपील किया। इससे पूर्व राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रतिनिधि मंडल ने विकास भवन के समस्त कार्यालयों,जिला पूर्ति कार्यालय, होमगार्ड ऑफिस आदि मे जाकर कर्मचारियों से धरने में शामिल होने के लिए कर्मचारी जागरण अभियान चलाया।

About Author