योजना के चार वर्ष पूरे होने पर मनाया गया आयुष्मान भारत दिवस

योजना के चार वर्ष पूरे होने पर मनाया गया आयुष्मान भारत दिवस
आयोजन
सांसद सीमा द्विवेदी ने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बांटा
डॉ रजनीश, डॉ स्मिता सहित कई अन्य चिकित्सक सम्मानित
जिलाधिकारी ने की अपील – लाभार्थी शीघ्र बनवा लें आयुष्मान कार्ड
जौनपुर, 23 सितंबर 2022 । आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के चार वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भारत दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने 13 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया।
योजना के तहत जनपद में बेहतर तथा ज्यादा इलाज करने के लिए सांसद सीमा द्विवेदी और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने ईशा हास्पिटल के संचालक डॉ रजनीश श्रीवास्तव और डॉ स्मिता श्रीवास्तव, लाइफ लाइन हास्पिटल के चिकित्सक डॉ आरपी बिन्द, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जलालपुर के चिकित्सक डॉ आलोक कुमार सिंह, सीएचसी मछलीशहर के चिकित्सक डॉ विशाल सिंह यादव, सीएचसी केराकत के चिकित्सक डॉ अरुण कन्नौजिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
लाभार्थी बेबी ने आयुष्मान भारत योजना में बेहतर इलाज मिलने के बारे में अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी (छह दिन) का जन्म होने पर उसकी तबीयत ठीक नहीं थी जिसे उन्होंने त्रिभवुन सिंह मेमोरियल हास्पिटल में दिखाया तो वहां पर पता चला कि बच्ची का आयुष्मान भारत-योजना के तहत नि: शुल्क इलाज हो सकता हैं। आयुष्मान कार्ड पहले से बना था, इसलिए हमने इलाज शुरू करा दिया। इस समय भी उसका इलाज नि: शुल्क हो रहा है। इसके लिए वह प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बहुत आभारी हूं। आयुष्मान भारत योजना के चलते मुझ जैसे गरीब परिवारों के बच्चों का नि: शुल्क इलाज बडे़ अस्पताल में हो पा रहा हैं। बच्ची का इलाज करने वाले चिकित्सक डॉ जयेश सिंह भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने सांसद को इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सांसद सीमा द्विवेदी ने जनपद के सभी लाभार्थी परिवार जो कि किसी कारणवश अभी तक अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा पाए हैं उनसे जल्द से जल्द आयुष्मान कार्ड बनवा लेने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड रहेगा तभी नि: शुल्क इलाज की सुविधा मिल पाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में अभी भी 35 प्रतिशत लाभार्थी परिवार ऐसे हैं जिनके एक भी सदस्य ने अभी तक अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया हैं। ऐसे सभी लाभार्थी परिवार के सदस्य 15 सितम्बर से 30 सितम्बर तक चल रहे आयुष्मान पखवाड़ा में आयुष्मान कार्ड बनवा लें। उन्होंने योजना में सूचीबद्ध सभी निजी चिकित्सालयों से भी अनुरोध किया गया कि वह सभी अपने चिकित्सालयों के आयुष्मान मित्र या किसी अन्य को भेजकर गांव में कार्ड बनाने में सहयोग करें।
योजना के नोडल अधिकारी डॉ राजीव कुमार ने बताया कि जिले का आयुष्मान कार्ड धारक 5 लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज देश में सूचीबद्ध किसी भी अस्पताल में करवा सकता है। जिले में अभी तक 4,81,249 लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। योजना के तहत कुल 19,424 लोगों ने इलाज कराया है। उनके इलाज में लगभग 22.09 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। आयुष्मान टीम जनपद में 3,14,149 लक्षित परिवारों और 13,34,398 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने का प्रयास कर रही है। जनपद में अंत्योदय राशन कार्ड के कुल 1,12,240 लाभार्थी परिवार हैं। इनसे संबंधित 3,66,792 लाभार्थी हैं। अब सभी अंत्योदय राशन कार्ड धारक अपने परिवार का आयुष्मान कार्ड बनवा सकता है।
अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ लक्ष्मी सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन सुशील अग्रहरि तथा योजना के जिला सूचना प्रणाली प्रबंधक हिमांशु शेखर सिंह ने किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), डॉ एनके सिहं, डॉ एसपी मिश्रा, डॉ एससी वर्मा, डॉ बद्री विशाल पांडे, अवनीश श्रीवास्तव, प्रवीण पाठक, वीरेंद्र कुमार, अजय कुमार, सुधांशु सिंह, सुनील कन्नौजिया, धर्मेंद्र यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
