August 11, 2026

जिले में 11 से 24 जुलाई तक मनेगा जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा

Share

थीम – ‘परिवार नियोजन का अपनाओ उपाय-लिखो तरक्की का नया अध्याय”

  • पखवाड़े में सीमित परिवार के बारे में किया जाएगा जागरूक
  • परिवार नियोजन कार्यक्रमों को दी जाएगी गति

जौनपुर, 09 जुलाई 2022 । जिले में 11 जुलाई से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान समुदाय को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पखवाड़ा के दौरान हर दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) तथा हेल्थ वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) पर परिवार नियोजन के सभी साधनों का काउंटर बनाया जाएगा। 

    इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ लक्ष्मी ने जनपद के जिला महिला एवं जिला पुरुष चिकित्सालय के अधीक्षक, सभी सामुदायिक (सीएचसी) तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के अधीक्षकों तथा सभी नगरीय स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को पत्र जारी किया है। इस बार पखवाड़े की थीम ‘परिवार नियोजन का अपनाओ उपाय-लिखो तरक्की का नया अध्याय’ है। सीएमओ ने बताया कि थीम का मुख्य उद्देश्य लोगों को सीमित परिवार के बारे में जागरूक करने के साथ परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति देना है। इस संबंध में जिम्मेदार लोगों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। नोडल अधिकारी पर ही पखवाड़ा के दौरान पर्याप्त मात्रा में गर्भनिरोधक सामाग्री एवं आवश्यक संसाधन (लाजिस्टिक) उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर से एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), आशा कार्यकर्ता एवं सामुदायिक स्तर के कार्यकर्ताओं से उसका वितरण सुनिश्चित कराना है। किसी भी स्थिति में सीएचओ से लेकर आशा कार्यकर्ता तक स्टाक खत्म नहीं होना चाहिए।

    नोडल अधिकारी तथा एसीएमओ डॉ राजीव कुमार ने बताया कि लोजीस्टिक पोर्टल के माध्यम से क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं को संसाधनों की उपलब्धता तथा सामुदायिक गतिविधियों में एएनएम और आशा की भूमिका के लिए ब्लॉक सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक (बीसीपीएम) को जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें ही ब्लाक स्तर पर मानीटरिंग के लिए नामित किया गया है। उनके अधीन स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (एचईओ), ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम), एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आशा संगिनी हैं। उन्हें सूचित करना है कि इच्छुक महिला एवं पुरुष नसबंदी के लाभार्थियों का चिकित्सा इकाई में पंजीकरण कराकर ब्लाक स्तरीय नियत सेवा दिवसों पर अथवा जिला महिला/पुरुष चिकित्सालय भेजकर उन्हें लाभान्वित कराएं। जिला पुरुष चिकित्सालय में महिला एवं पुरुष नसबंदी की सेवाएं प्रतिदिन मिलतीं हैं। विश्व जनसंख्या दिवस संबंधी सभी गतिविधियां कोविड-19 के सभी प्रोटोकॉल जैसे सोशल डिस्टैंसिंग, मास्क पहनकर और सेनेटाइजर का उपयोग करते हुए की जाएंगी। 

    जनपद के 518 स्वास्थ्य केन्द्रों पर कंडोम पेटिका (कंडोम बाक्स) की व्यवस्था की गयी है। शेष 71 स्वास्थ्य केन्द्रों पर इसकी स्थापना के निर्देश दे दिये गए हैं। कंडोम का इस्तेमाल साल दर साल बढ़ा है । वर्ष 2018-19 में 4,07,822, वर्ष 2019-20 में 3,32,702, वर्ष 2020-21 में 3,38,547 कंडोम सरकारी क्षेत्र से इस्तेमाल हुए। जिले में वित्तीय वर्ष 2018-19 में 41 पुरुषों ने नसबंदी करवाई और 2019-20 में 43 पुरुषों ने नसबंदी करवाई । 2020-21 में 77 पुरुषों ने नसबंदी करवाई वहीं वर्ष 2021-22 में 78 पुरुषों ने नसबंदी करवाई है।

About Author