जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग के संबंध में बैठक

जौनपुर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग के संबंध में बैठक संपन्न हुई। जनपद में यह कार्यक्रम 01 जुलाई से चल रहा है।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम प्रधानों व बच्चो के माध्यम से रैली निकालकर संचारी रोग के प्रति लोंगो को जागरूक किया जाए।
मड़ियाहू कि सुदनीपुर गांव में बुखार के अधिक मरीज आने पर खंड विकास अधिकारी मड़ियाहूं को निर्देशित किया कि तत्काल टीम भेजकर गांव में साफ सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं।
जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार को निर्देशित किया कि गांव में निगरानी समितियां फिर से एक्टिवेट की जाए, यदि किसी को बुखार हो रहा है तो आशा के माध्यम से उसकी सूचना सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पताल में दी जाए, ताकि समय रहते अच्छे से इलाज किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिस गांव में बुखार के केस अधिक आ रहे हैं वहां पर सैनिटाइज एवं बुखार के कैंप लगाकर जांच कराएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि जिन गांव से ज्यादा बुखार की शिकायत आ रही है प्रतिदिन उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर झाड़ियों का कटान एवं नालियों की साफ-सफाई कराएं। उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद के प्रत्येक कोटे की दुकान पर संचारी रोग से संबंधित पोस्टर चिपकाए जाएं, गांव में मुनादी के माध्यम से घर-घर जाकर संचारी रोगों के बारे में बताया जाए।
पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि सुकर पालकों को जागरूक किया जाए। विद्यालयों में मच्छर रोधी पौधे लगाए जाने के निर्देश जिलाधिकारी के द्वारा दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कहीं भी जलजमाव की स्थिति न हो यदि कहीं जलजमाव मिल रहा है तो ग्राम प्रधान एवं सचिव के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी साईं सीलम तेजा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 लक्ष्मी सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
