Jaunpur news विधिक दिवस पर जौनपुर में जागरूकता कार्यक्रमों की धूम, ग्रामीणों से लेकर जेल में बंदियों तक को बताए गए कानूनी अधिकार

IMG-20261111-WA0027
Share


विधिक दिवस पर जौनपुर में जागरूकता कार्यक्रमों की धूम, ग्रामीणों से लेकर जेल में बंदियों तक को बताए गए कानूनी अधिकार
सिकरारा में सेमिनार और जिला कारागार में विचार गोष्ठी का आयोजन, विधिक सहायता के लिए टोल फ्री नंबरों की दी गई जानकारी
जौनपुर। विधिक दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देश पर आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों और बंदियों को संविधान, कानून, मौलिक अधिकारों एवं उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के नेतृत्व तथा प्राधिकरण के सचिव पूर्णकालिक सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सुशील कुमार सिंह की देखरेख में विकासखंड सिकरारा के सभागार में विधिक जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में कानून और न्याय व्यवस्था के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि मानव समाज को व्यवस्थित और न्यायपूर्ण बनाए रखने के लिए कानून एवं संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका है। विधिक दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने का संदेश देता है। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, आम नागरिकों को मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता तथा संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए लोगों से कानून के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
सेमिनार में नायब तहसीलदार सदर शैलेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी सिकरारा, पुलिस उपनिरीक्षक, एडीओ पंचायत शिव शंकर सिंह तथा पैनल अधिवक्ता देवेंद्र कुमार यादव ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने उपस्थित लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और जरूरत पड़ने पर मिलने वाली सरकारी सहायता के बारे में बताया।
इस दौरान 15100, 1090 और 112 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए इन्हें याद रखने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि अधिकारों का उल्लंघन होने पर नागरिक पुलिस एवं प्रशासन से मदद ले सकते हैं। यदि कहीं से उचित सहायता नहीं मिलती है तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर कानूनी मदद प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
जिला कारागार में बंदियों की समस्याओं पर हुई चर्चा
विधिक दिवस के अवसर पर जिला कारागार जौनपुर में भी विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें जेल अधिकारियों, कर्मचारियों और बंदियों की मौजूदगी में उनके कानूनी अधिकारों एवं समस्याओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान बंदियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया गया।
डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने बंदियों को संविधान में प्राप्त अधिकारों, न्याय पाने की प्रक्रिया, कानूनी सहायता और जेल में निरुद्ध व्यक्तियों को मिलने वाले विधिक संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष न्याय और कानून के तहत अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है।
इस अवसर पर मुख्य विधिक प्रतिरक्षा सलाहकार अनिल कुमार सिंह, प्राधिकरण के सुनील कुमार मौर्य, पैरालीगल वालंटियर शिव शंकर सिंह, जेल विजिटर अवधेश कुमार सहित जेल के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे।
दोनों आयोजनों के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है और आर्थिक अथवा सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय एवं कानूनी सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए।