Jaunpur news कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे का आरोप,एसपी कार्यालय पहुंच कर महिलाओं ने किया कार्यवाही की मांग
कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे का आरोप,एसपी कार्यालय पहुंच कर महिलाओं ने किया कार्यवाही की मांग
जफराबाद।स्थानीय थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित ताड़तला मोहल्ले में कथित कब्रिस्तान की जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। जमीन पर बाउंड्री बनाकर गेट में ताला लगाने और शव दफनाने से रोकने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को मुस्लिम समुदाय की करीब 10 से 12 महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ले की सफाईकर्मी मुन्नी देवी समेत अन्य महिलाओं का आरोप है कि करीब दर्जनभर से अधिक परिवारों के लिए उक्त कब्रिस्तान पीढ़ियों से इस्तेमाल होता आ रहा है। महिलाओं के मुताबिक, एक दबग युवक ने जमीन के चारों तरफ बाउंड्री बनाकर गेट में ताला लगा दिया है। इससे संबंधित परिवारों को अपने परिजनों के शव दफनाने में परेशानी हो रही है। महिलाओं ने दावा किया कि उन्होंने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 के साथ ही चौकी और थाने पर भी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
वहीं, थानाध्यक्ष कमल नयन दुबे ने बताया कि मामला अब तक उनके संज्ञान में नहीं था। महिलाओं द्वारा पहले थाने या चौकी पर सूचना देने की बात को उन्होंने गलत बताया। उन्होंने कहा कि लेखपाल से बातचीत में जानकारी मिली है कि मौके पर कुछ जमीनें जमींदारी की हैं। एक पक्ष कब्रिस्तान के नाम पर रास्ता लेना चाहता है, जबकि दूसरा पक्ष वहां बाउंड्री वॉल बनाना चाहता है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, अभी तक किसी पक्ष ने प्रार्थना पत्र नहीं दिया है। शिकायत मिलने पर राजस्व विभाग को साथ लेकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जमीन के स्वामित्व और कब्रिस्तान से जुड़े दावों की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
