IMG-20261018-WA0037
Share

नहीं रहे डॉ० बी राय,निधन से मछलीशहर में फैली शोक की लहर
मछलीशहर के ख्यातिलब्ध चिकित्सक और सेवानिवृत्त अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ० बी राय का रविवार को 74 वर्ष की आयु में उनके वाराणसी स्थित आवास पर निधन हो गया।मऊ जनपद के मूल निवासी डॉ० बी राय वर्ष 2015 में अपर स्वास्थ्य निदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सरकारी चिकित्सक के पद पर सेवा देते हुए वह मछलीशहर के आस पास के सरकारी अस्पतालों में ही लम्बे तक सेवा देते रहे जिससे पूरे तहसील क्षेत्र में उनका नाम जन जन की जुबान पर रहता था। सेवानिवृत्त होने के पश्चात भी वह मछलीशहर के लोगों की सेवा देते रहे। वैसे तो उनका निजी अस्पताल वाराणसी में था लेकिन मछलीशहर रोडवेज के पास उनकी प्राइम नाम से क्लीनिक थी जहां वह प्रत्येक सोमवार और बृहस्पतिवार को रोगियों को देखने आते थे। मछलीशहर आजीवन उनकी कर्म भूमि रही।
उन्हें याद करते हुए बामी गांव निवासी जितेंद्र बहादुर सिंह कहते हैं कि जिन स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में बड़े- बड़े शहरों के डाक्टर लम्बी जांच के बाद किसी निष्कर्ष पर मुश्किल से पहुंचते थे उनके बारे में डाक्टर साहब रोगी को देखकर ही सटीक निष्कर्ष निकाल लेते थे। बजाज चेतक स्कूटर से चलने तक के दौर से उनका आज तक का जीवन सफर मुझे आजीवन याद रहेगा।उनका अनुभव और पेशेवर कुशलता पूरा मछलीशहर तहसील क्षेत्र हमेशा याद रखेगा। मोलनापुर गांव निवासी पतिराजी सरोज कहती हैं कि 90 के दशक से ही उनके स्वास्थ्य में लम्बा उतार चढ़ाव चलता रहा और मैं इलाज के लिए उनके पास जाती रहीं मुझे उन पर अटूट विश्वास था। आज मैं जीवन के 94 वर्ष पूरी कर चुकीं हूं मुझे दुःख इस बात का है कि अब बीमार होने पर किस डाक्टर के पास जाउंगी।