Jaunpur news भाजपा कार्यकर्ता द्वारा राहुल गांधी, सोनिया गांधी एवं प्रियंका गांधी के विरुद्ध अभद्र भाषा के प्रयोग पर कांग्रेस का आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग
भाजपा कार्यकर्ता द्वारा राहुल गांधी, सोनिया गांधी एवं प्रियंका गांधी के विरुद्ध अभद्र भाषा के प्रयोग पर कांग्रेस का आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग
जौनपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ग्राम हथेरा, तहसील मड़ियाहूँ निवासी मुकेश सिंह राजपूत के विरुद्ध लिखित तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत करने एवं गिरफ्तारी की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता मुकेश सिंह राजपूत ने फेसबुक पर लाइव आकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी एवं कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी के विरुद्ध अत्यंत अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपशब्द कहे।
प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह एडवोकेट ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसके कार्यकर्ता सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं और देश के प्रमुख विपक्षी नेताओं के प्रति किस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। यदि भाजपा का कोई कार्यकर्ता खुलेआम इस तरह की भाषा का प्रयोग करता है, तो पार्टी नेतृत्व की जिम्मेदारी बनती है कि वह इस आचरण पर अपना रुख स्पष्ट करे।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी देश में लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। श्रीमती सोनिया गांधी जी और श्रीमती प्रियंका गांधी जी के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। राजनीतिक विरोध का जवाब तर्कों और विचारों से दिया जाना चाहिए, न कि गाली-गलौज से।
सत्यवीर सिंह ने कहा कि भाजपा को केवल महिला सम्मान और संस्कारों की बातें करने के बजाय अपने कार्यकर्ताओं के आचरण पर भी ध्यान देना चाहिए। जब किसी महिला या वरिष्ठ सार्वजनिक व्यक्तित्व के विरुद्ध अभद्र भाषा का मामला सामने आता है, तो उस पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार नहीं, बल्कि समान नैतिक मानदंडों के आधार पर प्रतिक्रिया होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने या विपक्षी नेताओं का अपमान करने की प्रवृत्ति स्वस्थ राजनीतिक परंपराओं के विरुद्ध है। किसी भी दल के कार्यकर्ता को यह अधिकार नहीं है कि वह राजनीतिक असहमति की आड़ में मर्यादा की सीमाएं लांघे।
सत्यवीर सिंह एडवोकेट ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि प्रस्तुत तहरीर और फेसबुक लाइव से संबंधित साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं के सम्मान, महिलाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रश्न पर चुप नहीं बैठेगी। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन अभद्रता और अपमान को सामान्य राजनीतिक व्यवहार नहीं माना जा सकता।
