Jaunpur news पूर्व सांसद अर्जुन सिंह यादव की 28वीं पुण्यतिथि मनाई गई
पूर्व सांसद अर्जुन सिंह यादव की 28वीं पुण्यतिथि मनाई गई
शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को किया याद, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्धिकपुर स्थित गुलाबी देवी महाविद्यालय परिसर में पूर्व सांसद स्व: अर्जुन सिंह यादव की 28वीं पुण्यतिथि समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता लालचंद यादव लाले, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामाशंकर और अश्विनी कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने पूर्व सांसद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अर्जुन सिंह यादव ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर शिक्षा की अलख जगाई और लोगों को शिक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नीलम मौर्या ने कहा कि स्व: अर्जुन सिंह यादव हमेशा जरूरतमंदों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। उन्होंने कभी दिखावे की राजनीति नहीं की, बल्कि समाज के लोगों के हितों के लिए कार्य किया। उनके विचार और समाजसेवा के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस दौरान डा. पंकज कुमार,डा. सुभाष चंद्र यादव और डा. इंदुमती सहित अन्य लोगों ने भी उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक कृष्णचन्द यादव,डा. पंकज कुमार, डॉ रुद्रसेन सिंह,कृष्णनेश यादव, अकुर यादव, नीलम, सरोज यादव, मीना यादव, वीरेंद्र कुमार यादव, राधे मोहन, रामजीत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
