Jaunpur news कायस्थों की राजनीतिक भागीदारी से ही मजबूत होगी सामाजिक पहचान : राकेश श्रीवास्तव

IMG-20261004-WA0017
Share

कायस्थों की राजनीतिक भागीदारी से ही मजबूत होगी सामाजिक पहचान : राकेश श्रीवास्तव

कायस्थ पार्टी की बैठक में एकजुटता और संगठन को मजबूत करने पर जोर, एक नवंबर को लखनऊ में होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में भारी संख्या में पहुंचने की अपील

जौनपुर। किसान, आमजन, युवा, शोषित एवं टेंडर्स हमारी पार्टी (कायस्थ पार्टी) के राष्ट्रीय सचिव अंजनी कुमार श्रीवास्तव के संयोजन में मुक्तेश्वर प्रसाद महाविद्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कायस्थ समाज के लोगों के साथ पार्टी से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में कायस्थ समाज की एकजुटता, राजनीतिक भागीदारी और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कायस्थ महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव एवं कर्मचारी नेता राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज को संगठित होकर अपनी सामाजिक और राजनीतिक शक्ति का परिचय देना होगा। एकता में ही शक्ति है और जातीय शक्ति के साथ संगठन के प्रति समर्पण से ही समाज की मजबूत पहचान बन सकती है। उन्होंने कहा कि कायस्थ राजनीतिक रूप से हाशिए पर है, इसलिए समाज के लोगों को राजनीति में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। राजनीतिक भागीदारी के माध्यम से ही समाज अपने अधिकारों और हितों की प्रभावी आवाज उठा सकता है।
गुजरात पिछड़ा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक भाई यादव ने अपने जोशीले संबोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने समाज, जाति और धर्म के हित में सकारात्मक रूप से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन को मजबूती उसके कार्यकर्ताओं के समर्पण, सहयोग और एकजुटता से मिलती है। उन्होंने कायस्थ पार्टी के संगठनात्मक प्रयासों को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक के संयोजक एवं कायस्थ पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों का सहयोग, समर्थन, समर्पण और एकजुटता संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगामी एक नवंबर को गांधी भवन, कैसरबाग, लखनऊ में कायस्थ पार्टी द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में जौनपुर सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोगों से पहुंचने की अपील की।
इस अवसर पर मनोज श्रीवास्तव, दयाल शरण श्रीवास्तव, दया शंकर निगम, भारती श्रीवास्तव, वंदना सिंह, शमशेर शेख, प्रेमचंद्र, आनंद शंकर श्रीवास्तव एवं विजय कुमार चौबे आदि ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कायस्थ पार्टी को सहयोग एवं समर्थन देने तथा एक नवंबर को बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में धर्मेंद्र श्रीवास्तव, अरविंद श्रीवास्तव, अवधेश, विनय, सरोज, नीरज, अश्वनी अस्थाना, राजेश अस्थाना, रतन, अजय अज्जू, सरोज यादव, पिंटू सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार संजय अस्थाना ने किया।