Jaunpur news एम.एड. विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
एम.एड. विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
जौनपुर। राजा श्री कृष्ण दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एम.एड. अंतिम बैच के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कनिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और भावनाओं का रंग भर दिया।
समारोह में विद्यार्थियों ने एम.एड. के दौरान बिताए गए अनुभवों को साझा किया। अपने वरिष्ठ साथियों की विदाई के दौरान कई छात्र-छात्राएं भावुक नजर आए। जूनियर विद्यार्थियों की ओर से वरिष्ठों को स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शंभू राम ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान से प्राप्त शिक्षा, ज्ञान और संस्कार आगे के जीवन में उनका मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र के हित में करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. सत्य राम ने कहा कि विद्यार्थी जीवन का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान हासिल करना नहीं है, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और अच्छे संस्कारों को जीवन में उतारना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान एम.एड. अंतिम बैच के छात्र ऋषभ पाठक को विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल करने पर महाविद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं एम.एड. में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली नेहा यादव तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाली दीपिका शुक्ला को भी सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय शिक्षक इकाई के महामंत्री एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर उपाध्याय ने शिक्षक प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश प्रसाद तिवारी ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का संचालन छात्रा दीप शिखा ने किया। इस अवसर पर डॉ. सुनीता गुप्ता, डॉ. राजकुमार यादव, डॉ. निशीथ कुमार सिंह, डॉ. सुशील कुमार गुप्ता, डॉ. धर्म कुमार साहू, डॉ. अर्चना सिंह और डॉ. पूजा शुक्ला समेत महाविद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
भावनात्मक माहौल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच समारोह का समापन हुआ।
