Jaunpur news जिला जेल में अधिकारियों का औचक निरीक्षण, बैरकों से लेकर अस्पताल और भोजन व्यवस्था तक परखी
जिला जेल में अधिकारियों का औचक निरीक्षण, बैरकों से लेकर अस्पताल और भोजन व्यवस्था तक परखी
जौनपुर। जिला कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने संयुक्त रूप से त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा, स्वच्छता, बंदियों को मिल रही सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की अलग-अलग बैरकों का जायजा लिया और सुरक्षा के मद्देनजर तलाशी भी कराई। तलाशी के दौरान किसी भी बैरक या परिसर से प्रतिबंधित अथवा आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
टीम ने कारागार की पाकशाला पहुंचकर बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद जेल अस्पताल का निरीक्षण किया गया। अस्पताल में भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य, उपचार और मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में भी बातचीत की गई।
जनपद न्यायाधीश और जिलाधिकारी ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित जिम्मेदारों को निर्देश दिया कि बंदियों की ओर से सामने आने वाली समस्याओं का नियमानुसार और निर्धारित समय में समाधान कराया जाए।
जनपद न्यायाधीश ने जेल प्रशासन को बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उन्हें उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने पर विशेष जोर दिया। साथ ही लंबित मुकदमों से जुड़ी आवश्यक जानकारी बंदियों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, जिलाधिकारी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने बैरकों और पूरे कारागार परिसर में नियमित रूप से सघन तलाशी कराने, साफ-सफाई बनाए रखने और बंदियों को नियमानुसार सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्वेता यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल, उपायुक्त उद्योग, सेवायोजन अधिकारी समेत जिला कारागार प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
