IMG-20260910-WA0000
Share

कार रोककर युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीने में लगी गोली साथी भी घायल
थार और अर्टिगा से पहुंचे हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम, सफदरगंज तिराहे पर मचा हड़कंप

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मल्हनी मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सफदरगंज तिराहे के पास कार सवार युवक पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से 28 वर्षीय विपिन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद अंश के पैर में भी गोली लग गई। गंभीर हालत में विपिन को जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि बाबरखा गांव निवासी मेहीलाल यादव के पुत्र विपिन यादव अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से भटेवरा गांव की ओर से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह करंजाकला क्षेत्र में सफदरगंज तिराहे के समीप पहुंचे, तभी एक थार और अर्टिगा कार ने उनकी गाड़ी को रास्ते में रोक लिया।
दोनों वाहनों से कुछ युवक नीचे उतरे और विपिन भी कार से बाहर आ गए। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर थार सवार युवकों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान एक गोली विपिन के सीने में जा लगी, जबकि दूसरी गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई। इसी दौरान कार में मौजूद उनके चचेरे भाई अंश के पैर में भी गोली लग गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों की भीड़ बढ़ती देख हमलावर थार और अर्टिगा में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद विपिन यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अंश का उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों और उनके वाहनों की पहचान की जा सके। पुलिस घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है।
थानाध्यक्ष राजेश सिंह के अनुसार, फायरिंग की घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।