IMG-20260909-WA0034
Share


मड़ियाहूं में AI सेंटर की शुरुआत
मड़ियाहूं के युवाओं के लिए बड़ी सौगात, गांव में शुरू हुआ नि:शुल्क AI और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र
जौनपुर। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में मड़ियाहूं क्षेत्र में एक नई पहल की गई है। जमालापुर में भुआल सिंह फाउंडेशन और NIIT फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई।
केंद्र का उद्घाटन कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. अनीत सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज के दौर में तकनीक तेजी से रोजगार और व्यवसाय का स्वरूप बदल रही है। ऐसे में ग्रामीण युवाओं को भी आधुनिक तकनीक सीखने के समान अवसर मिलना जरूरी है।
डॉ. अनीत सिंह ने कहा कि अक्सर बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण के लिए युवाओं को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महंगे कोर्स कर पाना मुश्किल होता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए मड़ियाहूं में युवाओं को बिना किसी शुल्क के कंप्यूटर, डिजिटल टूल्स और AI की ट्रेनिंग उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि इस केंद्र का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करना भी है। उनका कहना था कि यदि गांव के युवाओं को सही संसाधन और मार्गदर्शन मिले तो वे अपने क्षेत्र में रहकर भी देश-दुनिया की कंपनियों के साथ काम कर सकते हैं।
संस्था की ओर से बताया गया कि प्रशिक्षण केंद्र में कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी के साथ आधुनिक डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े एडवांस कोर्स कराए जाएंगे। इससे ग्रामीण युवाओं को डिजिटल क्षेत्र में अपनी क्षमता विकसित करने और रोजगार के नए विकल्प तलाशने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के पदाधिकारी, NIIT फाउंडेशन की टीम, क्षेत्र के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा मौजूद रहे। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह केंद्र मड़ियाहूं और आसपास के ग्रामीण इलाकों के युवाओं को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।