Jaunpur news 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जौनपुर में जागरूकता अभियान तेज, प्रचार वाहन रवाना
12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जौनपुर में जागरूकता अभियान तेज, प्रचार वाहन रवाना
जौनपुर। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में जनपद न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन और पीएलवी की मोटरसाइकिल को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार शशि ने प्रचार वाहनों को रवाना किया। इस दौरान बताया गया कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभ और इसमें मामलों के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना है।
प्रचार वाहन जिले की विभिन्न तहसीलों और प्रमुख क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को लोक अदालत में अपने विवादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर समाधान कराने के लिए प्रेरित करेगा। अभियान के दौरान लोगों के बीच उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराए गए पंपलेट, पोस्टर और स्टीकर भी वितरित किए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में ऐसे मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाता है, जिनमें पक्षकार आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने के इच्छुक हों। इसके माध्यम से लोगों को लंबे समय तक चलने वाली कानूनी प्रक्रिया से राहत मिलने के साथ समय और धन की भी बचत होती है।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम अनिल कुमार यादव, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं लोक अदालत के नोडल अधिकारी रणजीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्वेता यादव, सिविल जज सीडि./सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार सिंह सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और बार के प्रतिनिधि मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी राजेंद्र प्रसाद सिंह और राजीव गुप्ता समेत अन्य अधिवक्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
