Jaunpur news नए मकान में महिला की खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी, सिर पर वार कर हत्या की आशंका
नए मकान में महिला की खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी, सिर पर वार कर हत्या की आशंका
जौनपुर खुटहन पनौली गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नवनिर्मित मकान के भीतर तख्त पर 48 वर्षीय विवाहिता की रक्तरंजित लाश पड़ी मिली। महिला के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद उसके पहने हुए कुछ आभूषण भी गायब बताए जा रहे हैं। परिजनों ने गांव के ही एक बढ़ई पर संदेह जताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका गुड़िया पत्नी मुख्तार अहमद का पुराना मकान नए निर्माणाधीन घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। बताया गया कि सोमवार को वह दरवाजा ठीक कराने के लिए बढ़ई को बुलाने की बात कहकर नए मकान पर गई थीं। दोपहर करीब ढाई बजे उनकी दोनों बेटियां स्कूल से वापस लौटीं। घर के अंदर पहुंचते ही उन्होंने तख्त पर अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। सिर से खून निकलता देख बेटियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही शाहगंज सर्किल की पुलिस सक्रिय हो गई। शाहगंज प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह, सरपतहां प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय राय और खेतासराय प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद महिला के शरीर से सोने की चेन, कान की बालियां और पैरों की पायल गायब हैं। परिवार की ओर से गांव के ही एक बढ़ई पर संदेह जताया गया है। हालांकि परिजनों ने किसी अन्य व्यक्ति से पुरानी रंजिश होने की बात से इनकार किया है।
मृतका के दो बेटे सैफ अली (22) और फैज अली (20) गुजरात में रहते हैं, जबकि पति विदेश में हैं। उनकी दो बेटियां सवा (18) और सानिया (16) हैं। बेटों के गुजरात से आने तक परिजन शव पुलिस को सौंपने को तैयार नहीं थे।
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया परिजनों की सहमति के बाद आगे बढ़ाई जाएगी।
