Jaunpur news जौनपुर में औषधि निरीक्षक का छापेमारी से हड़कंप, जांच के लिए भेजा गया नमूना
जौनपुर में औषधि निरीक्षक का छापेमारी से हड़कंप, जांच के लिए भेजा गया नमूना
सुजानगंज में मेडिकल स्टोर की जांच कर दवाओं का लिए सैम्पल
जौनपुर। प्रदेश के आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के निर्देश पर जिले के औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय की टीम ने विशेष अभियान के तहत सोमवार को सुजानगंज सीएचसी के पास बालवरगंज स्थित आधा दर्जन से अधिक दवा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठान से सैंपल लिए गए उसे जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेज दिया गया।
इस दौरान मुख्य रूप से थोक लाइसेंस प्राप्त फर्मों के भौतिक अस्तित्व और उनकी भंडारण (स्टोरेज) सुविधाओं का सत्यापन किया गया। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से पूरी इलाके में जबरदस्त हड़कंप मच गया। घोर लापरवाही बरतने वाले कई मेडिकल दुकानों के शटर गिर गए।
इस पूरी जांच में बालवरगंज स्थित ‘गुप्ता मेडिकल एजेंसीज’ और ‘गौरीशंकर मेडिकल’ की सघन जांच की गई। जांच के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 (Drug and Cosmetics Act 1940) के नियमों के तहत एक दवा का नमूना (सैंपल) संग्रहित किया गया।
इन प्रतिष्ठानों में दवाओं के रख-रखाव और अन्य आवश्यक भंडारण सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं।
इसके बाद टीम द्वारा ‘शिवम मेडिकल स्टोर’ का भी भौतिक सत्यापन किया गया। जनपद के तेज तर्रार औषधि निरीक्षक श्री पांडेय ने शिवम मेडिकल स्टोर के संचालक को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली 1940 के नियम 65 का पूर्ण अनुपालन करते हुए दुकान संचालित करने के कड़े निर्देश दिए।
बाक्स
एक्सपायरी डेट की दवा देने पर होगी कार्रवाई, डीआई
जौनपुर। जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय ने सभी दवा व्यापारियों को बेहद ही कड़े शब्दों में कहा कि
एक्सपायरी डेट की दवा देने वालों के खिलाफ बहुत ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह सुनिश्चित करने को कहा कि मरीजों को दवा देने (डिस्पेंस करने) से पहले उसकी एक्सपायरी डेट अनिवार्य रूप से जांच ली जाए और दुकान परिसर में स्वच्छता व साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान सुजानगंज सीएचसी के पास स्थित सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को हिदायत दी गई ।
बाक्स
मरीजों के साथ करें अच्छा व्यवहार, निर्देश
जौनपुर। डीआई रजत कुमार पांडेय ने दवा विक्रेताओं को जागरुक करते हुए निर्देशित किया कि वह दवाओं की खरीद-बिक्री के दौरान ग्राहकों और मरीजों के परिजनों के साथ अच्छा व शालीन व्यवहार करें। इसके अलावा, प्रत्येक दवा की बिक्री पर ग्राहकों को सेल इनवॉइस या कैश मेमो अनिवार्य रूप से जारी करने के निर्देश दिए गए।
औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय ने बताया कि एकत्र किए गए दवा के नमूने को जांच और विश्लेषण के लिए राजकीय प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
