
जौनपुर की 54 एम-पैक्स समितियों का होगा कायाकल्प, डीसीडीसी बैठक में बनी रणनीति
जौनपुर, 3 सितंबर। जिले में वित्तीय रूप से कमजोर और पूर्व में पंजीकृत एम-पैक्स समितियों को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके तहत समितियों की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ उनके उन्नयन पर जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में गुरुवार को एनआईसी कक्ष में डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव डेवलपमेंट कमेटी (डीसीडीसी) की बैठक हुई। बैठक में सहकारी समितियों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्हें बेहतर ढंग से संचालित करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
बैठक में एआर कोआपरेटिव ब्रजेश पाठक ने बताया कि जनपद की 54 समितियों को रंगाई-पुताई सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए चिह्नित किया गया है। अधिकारियों को इन समितियों के उन्नयन और मूलभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से समितियों में जरूरी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराने तथा सहकारी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी और जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।














