Jaunpur news शिक्षक दिवस पर विशेष
शिक्षक दिवस पर विशेष
शिक्षक ने छात्रो थामा हाथ
12 जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई को मिला सहारा
प्रो. राकेश कुमार यादव ने आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा में सहयोग की पहल की
जौनपुर। शिक्षक दिवस पर गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर के इतिहास विभागाध्यक्ष एवं प्रो. (डॉ.) राकेश कुमार यादव ने आर्थिक रूप से जरूरतमंद 12 विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा में सहयोग की पहल की है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया और शिक्षा में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया, जिससे आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उनकी पढ़ाई जारी रखने का रास्ता खुला।
प्रो. राकेश कुमार यादव ने कहा, आर्थिक स्थिति किसी विद्यार्थी की शिक्षा के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। शिक्षक के रूप में मेरा प्रयास है कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को उनकी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले। किसी विद्यार्थी की शिक्षा में किया गया सहयोग उसके भविष्य को बेहतर दिशा देने में सहायक हो सकता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने महसूस किया है कि कई विद्यार्थी प्रतिभाशाली होने के बावजूद आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई जारी नहीं रख पाते। ऐसे विद्यार्थियों की यथासंभव मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।
प्रो. राकेश कुमार यादव की ओर से सहयोग पाने वाले विद्यार्थियों में रामनरेश प्रजापति (एमए हिंदी), सत्यम मिश्रा (एमए), खुशबू यादव (एमए इतिहास), ध्रुव यादव (एमए), शालिनी बारी (बीएड.), लकी यादव (बीएससी), पवन बिंद (बीए), अमन गुप्ता (बीए), दिवेश तिवारी (बीए), कीर्ति प्रजापति (बीए), सृष्टि गौतम (बीए) और रूपेश (बीए) शामिल हैं।
विद्यार्थियों ने बताया, विषम परिस्थितियो मे पढ़ाई जारी रखने में मदद
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में वर्ष 2023 में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले छात्र रामनरेश प्रजापति ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के दौर में प्रो. राकेश कुमार यादव ने उनकी शैक्षिक यात्रा में महत्वपूर्ण सहयोग किया। उन्होंने फीस में सहायता करने के साथ एमए हिंदी में प्रवेश में भी मदद की। आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई न रुके, इसके लिए जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करना उनका निरंतर प्रयास रहा है। उनके सहयोग से उन्हें उच्च शिक्षा जारी रखने का अवसर मिला।
— रामनरेश प्रजापति, एमए हिंदी प्रथम सेमेस्टर, गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर, जौनपुर
मां शारदा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, छीतमपट्टी की बीएड द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा शालिनी बारी ने बताया कि 14 जुलाई 2022 को उनके पिता शिव कुमार बारी हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हादसे का शिकार हो गए थे। उनके निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक कठिनाइयां बढ़ गईं। ऐसे समय में प्रो. राकेश कुमार यादव ने उनकी शिक्षा में सहयोग किया। उन्होंने बीए, एमए और बीएड की पढ़ाई के दौरान फीस में सहायता की, जिससे उन्हें शिक्षा जारी रखने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई जारी रखना आसान नहीं था। सर के सहयोग से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। शिक्षक दिवस पर वह उनके प्रति आभार व्यक्त करती हैं।
— शालिनी बारी, अमावां खुर्द, ईसापुर, जौनपुर
गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर की एमए इतिहास प्रथम सेमेस्टर की छात्रा खुशबू यादव ने बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनके पिता आगे की पढ़ाई का खर्च उठाने में कठिनाई महसूस कर रहे थे। ऐसे समय में प्रो. राकेश कुमार यादव ने उनका एमए और उनकी बहन लकी यादव का बीएससी में प्रवेश कराने में सहयोग किया। इससे दोनों बहनों को पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण पढ़ाई रुकने की स्थिति में प्रो. यादव का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। शिक्षक दिवस पर वह उनके प्रति आभार व्यक्त करती हैं।
— खुशबू यादव, एमए इतिहास प्रथम सेमेस्टर, गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर
छात्रा सृष्टि गौतम ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बीच उच्च शिक्षा जारी रखना कई विद्यार्थियों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे समय में प्रो. राकेश कुमार यादव की ओर से जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रवेश और शिक्षा में सहयोग देना महत्वपूर्ण पहल है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने का अवसर और आगे बढ़ने का भरोसा मिलता है। शिक्षक दिवस पर उन्होंने इस प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया।
— सृष्टि गौतम, छात्रा
शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकार
प्रो. (डॉ.) राकेश कुमार यादव का शैक्षिक कार्य कक्षा और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहा है। वह विद्यार्थियों की शैक्षिक जरूरतों और ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा से जुड़े विषयों के प्रति सक्रिय रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई में सहयोग की यह पहल इसी सामाजिक सरोकार का हिस्सा है।
प्रो. यादव वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के गोद गांव कार्यक्रम के समन्वयक, एनएसएस के पूर्व कार्यक्रम समन्वयक, गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर के इतिहास विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर रहे हैं। वह विद्या परिषद (एकेडमिक काउंसिल) के सदस्य और अध्ययन परिषद-इतिहास के पूर्व संयोजक भी रहे हैं। इसके अलावा वह समता फाउंडेशन, शाहगंज के संस्थापक/मुख्य ट्रस्टी हैं।
शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों की शिक्षा में किया गया यह सहयोग आर्थिक कठिनाइयों के बीच उनकी पढ़ाई जारी रखने की राह आसान करने की एक पहल के रूप में सामने आया है।


