Jaunpur news रक्षाबंधन पर जिला जेल में भावुक हुआ माहौल, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी
रक्षाबंधन पर जिला जेल में भावुक हुआ माहौल, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी
जौनपुर। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को जिला कारागार में भी भावनाओं और आत्मीयता के साथ मनाया गया। अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें जेल पहुंचीं। जेल प्रशासन ने मुलाकात के दौरान बहनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए थे।
कारागार प्रशासन की ओर से बहनों के लिए राखी, रोली-कुमकुम, दीप, कपूर, मिठाई और आरती की थाली की व्यवस्था की गई थी। बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर आरती उतारी और उनकी कलाई पर राखी बांधकर मिठाई खिलाई। इस दौरान कई भाई-बहन भावुक नजर आए।
खास बात यह रही कि जेल में निरुद्ध उन महिला बंदियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई, जिनके भाई भी कारागार में बंद हैं। जेल प्रशासन ने उन्हें भी आवश्यक पूजन सामग्री उपलब्ध कराई, ताकि वे अपने भाइयों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मना सकें। इस पहल से महिला और पुरुष बंदियों में खुशी का माहौल रहा।
कार्यक्रम के दौरान उप महानिरीक्षक कारागार, वाराणसी परिक्षेत्र राजेश कुमार श्रीवास्तव ने जेल पहुंचकर रक्षाबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जेल प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की सराहना की।
वहीं जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ना ही जीवन को बेहतर बनाने का सही मार्ग है। उन्होंने बंदियों को भविष्य में अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
जिला अपराध निरोधक कमेटी के पदाधिकारियों की ओर से भी जेल के बाहर आने वाली बहनों की सुविधा के लिए सहायता शिविर लगाया गया। यहां बहनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया। उप महानिरीक्षक कारागार और जेल अधीक्षक ने कमेटी के पदाधिकारियों के इस प्रयास के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कारापाल अजय कुमार, उप कारापाल सुभाष चन्द्र पाण्डेय सहित कारागार के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
