Jaumpur news जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के आगमन से बच्चों में दिखा उत्साह, छात्रों ने बांधी राखी और लिया शुभाशीष
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के आगमन से बच्चों में दिखा उत्साह, छात्रों ने बांधी राखी और लिया शुभाशीष
जौनपुर। पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर विकासखंड धर्मापुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कबिरुद्दीनपुर में हर्षोल्लास एवं उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय में सभी के संरक्षक एवं मार्गदर्शक, परम आदरणीय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री समीर का आगमन हुआ। उनके विद्यालय पहुंचते ही बच्चों एवं पूरे विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक और आकर्षक क्षण उस समय देखने को मिला, जब विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्नेह और सम्मान के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री समीर की कलाई पर राखी बांधी। बच्चों के इस आत्मीय प्रेम से अभिभूत बीएसए श्री समीर ने उन्हें अपना स्नेह, शुभाशीष एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर बच्चों और अधिकारी के बीच स्नेह एवं अपनत्व का सुंदर दृश्य उपस्थित सभी लोगों के लिए यादगार बन गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री समीर ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति निरंतर सजग रहने, अनुशासन का पालन करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रेरणादायी एवं स्नेहपूर्ण शब्दों से बच्चों के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता साफ दिखाई दी।
विद्यालय परिवार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के आगमन को अपने लिए गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी क्षण बताया। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को विद्यालय में पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर विंध्यवासिनी उपाध्याय, पूर्व इआरपी महेंद्र यादव, प्रधानाध्यापक अचल हरिमूर्ति सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री समीर के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन बच्चों एवं शिक्षकों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी क्षेत्रवासियों, अभिभावकों एवं बच्चों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
