Jaunpur news आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन; शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक पर उठाई आवाज

Share


जौनपुर में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन; शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक पर उठाई आवाज
जौनपुर। आम आदमी पार्टी (आप) की जौनपुर जिला इकाई ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। पार्टी नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर सख्त कानून और युवाओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की समस्याओं को उठाने वालों के साथ कठोर रवैया अपनाया जा रहा है, जबकि सरकार को रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
ज्ञापन में शिक्षाविद सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, पेपर लीक के खिलाफ प्रभावी कानून, युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार की सुरक्षा की मांग शामिल की गई।
प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता समाजसेवी प्रदीप मिश्रा द्वारा संचालित “मेरा गांव मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत आयोजित एक दिवसीय उपवास एवं धरना कार्यक्रम में भी पहुंचे। पार्टी नेताओं ने अभियान को ग्रामीण विकास, सामाजिक भागीदारी और जनजागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अपना समर्थन व्यक्त किया।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह बागी, विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अनिलधर, महासचिव विनोद कुमार प्रजापति, एससी-एसटी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र गौतम, खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष रवीश यादव, यूथ अध्यक्ष राम सजीवन समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About Author