Jaunpur news भारत विकास परिषद् शौर्य जौनपुर का दायित्व ग्रहण समारोह संपन्न, नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
भारत विकास परिषद् शौर्य जौनपुर का दायित्व ग्रहण समारोह संपन्न, नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
जौनपुर। भारत विकास परिषद् शौर्य शाखा, जौनपुर का दायित्व ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
समारोह में वर्ष 2025-26 की कार्यकारिणी ने अपने कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके उपरांत वर्ष 2026-27 के लिए नवगठित कार्यकारिणी को प्रांतीय महासचिव डॉ. सचिन अग्रवाल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नव नियुक्त अध्यक्ष अवधेश गिरि, सचिव नित्यानंद पाण्डेय और कोषाध्यक्ष राहुल पाण्डेय ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। वहीं प्रांतीय वित्त सचिव विवेक तिवारी ने परिषद् के नए सदस्यों को सदस्यता की शपथ दिलाई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अवधेश गिरि ने अपनी टीम की घोषणा करते हुए सेवा, संस्कार, पर्यावरण, महिला सहभागिता एवं संपर्क जैसे विभिन्न प्रकल्पों के संयोजकों को दायित्व सौंपा। उन्होंने कहा कि परिषद् आने वाले समय में सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों ने परिषद् की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समाजहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रांतीय महासचिव डॉ. सचिन अग्रवाल ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “कर्तव्य पथ” की भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाए।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अमित पाण्डेय एवं नित्यानंद पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया, जबकि जिला सह-समन्वयक नीरज श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों और उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रमेश श्रीवास्तव, डॉ. शैली निगम, रामसूरत मौर्य, डॉ. आशुतोष सिंह, अतुल जायसवाल, मीनू श्रीवास्तव, पंकज सिंह, राजीव श्रीवास्तव, प्रियंका पाण्डेय, निशा गिरि, साधना जायसवाल, पिंकी पाण्डेय, अंशज शुक्ला, डॉ. रामनारायण सिंह, रूपम शुक्ला, दया निगम, नंद किशोर, अश्वनी जायसवाल, उर्वशी सिंह, रजनी साहू, अजय नाथ जायसवाल, डॉ. दीपक विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में परिषद् के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
