Jaunpur news मुंगरा की बेटी आरती गौतम की उड़ान वियतनाम तक।

Share

मुंगरा की बेटी आरती गौतम की उड़ान वियतनाम तक।

एशियन पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में लहराएंगी तिरंगा।

जौनपुर-मुंगराबादशाहपुर-नानक चंद्र त्रिपाठी
जौनपुर के लिए यह किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। मुंगरा बादशाहपुर नगर क्षेत्र के वार्ड सराय रुस्तम (कमालपुर) निवासी होनहार मार्शल आर्ट खिलाड़ी कुमारी आरती गौतम ने एक बार फिर जिले, प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है। हमारे संवाददाता को मिली विशेष जानकारी के अनुसार, आगामी 15 से 25 जुलाई 2026 तक वियतनाम में आयोजित होने वाली 10वीं सीनियर एशियन पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में आरती का चयन हुआ है। वह इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के गांडा इवेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने के दृढ़ इरादे के साथ मैट पर उतरेंगी। स्वर्गीय कृष्ण चंद्र गौतम की सुपुत्री आरती की इस ऐतिहासिक सफलता से उनके पैतृक गांव सराय रुस्तम सहित पूरे जौनपुर जिले में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ पड़ी है।

संघर्ष की मिसाल है आरती की कहानी। एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर तय करने वाली आरती गौतम की खेल यात्रा क्षेत्र के हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है। कराटे में ब्लैक बेल्ट धारक आरती को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके कराटे प्रशिक्षक छोटेलाल बिंद और पेंचक सिलाट प्रशिक्षक रामजीत का अहम योगदान रहा है। माता विमला देवी और परिजनों के अटूट सहयोग से आरती ने आर्थिक तंगी और तमाम चुनौतियों के बावजूद हार नहीं मानी और देश की शीर्ष पेंचक सिलाट खिलाड़ियों में अपना नाम दर्ज कराया।

पदकों की झड़ी लगाने वाली आरती का करियर गवाह है उनकी मेहनत का। उन्होंने 19 जनवरी 2023 को साउथ गोवा में फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक जीतकर सुर्खियां बटोरी थीं, तो 16 फरवरी 2024 को महाराष्ट्र में हुए फेडरेशन कप में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर दिखाया कि उनकी सफलता कोई तुक्का नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास का नतीजा है। 18 फरवरी 2024 को महाराष्ट्र में ऑल इंडिया चैंपियनशिप में स्वर्ण और 28 जनवरी 2026 को उत्तराखंड में ऑल इंडिया चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर उन्होंने अपनी बादशाहत कायम रखी। खेलो इंडिया जैसी देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भी आरती का दबदबा बेमिसाल रहा—25 अगस्त 2023 को आगरा में अस्मिता खेलो इंडिया में स्वर्ण, 23 फरवरी 2026 को दिल्ली में फिर स्वर्ण और 26 मार्च 2026 को मेघालय में अस्मिता खेलो इंडिया लीग में रजत पदक जीतकर उन्होंने साबित कर दिया कि वह देश की उभरती हुई सबसे बड़ी खिलाड़ियों में शुमार हैं। वह खेलो इंडिया बीच गेम्स में भी सहभागिता कर चुकी हैं। राज्य स्तर पर 12 मार्च 2021 और 14 मई 2024 को आजमगढ़ में तथा 9 नवंबर 2025 को लखनऊ में स्वर्ण पदक, वहीं 9 मई 2025 को लखनऊ में राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वर्ष 2021 में श्रीनगर, 2023 में महाराष्ट्र, 2024 में ओडिशा और 2026 में मेघालय में आयोजित नेशनल प्रतियोगिताओं में भी उनकी दमदार उपस्थिति दर्ज हुई।

अखबार से खास बातचीत में आरती ने बताया कि देश के लिए खेलना और तिरंगा थामना उनका बचपन से सपना रहा है और अब वह उसे साकार करने के बेहद करीब हैं। वियतनाम में होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए उन्होंने दिन-रात कड़ी मेहनत की है और उन्हें पूरा भरोसा है कि वह देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देशवासियों की उम्मीदों पर खरी उतरेंगी। आरती की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों में हर्ष का माहौल है, सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य और वियतनाम में शानदार प्रदर्शन की हार्दिक कामना की है।

मुंगरा की बेटी आरती को वियतनाम भेजने के लिए सपा नेताओं व उद्योगपतियों ने ढाई लाख मदद का बढ़ाया हाथ।

*घर और रास्ते से लेकर प्रयागराज रेलवे स्टेशन तक हुआ भव्य स्वागत।

मुंगरा बादशाहपुर। वियतनाम में होने वाली दसवीं सीनियर एशियन पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के लिए चुनी गईं मुंगराबादशाहपुर के सराय रुस्तम मोहल्ला की होनहार खिलाड़ी आरती गौतम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने जा रही इस बेटी की वित्तीय लाचारी को देखते हुए समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राहुल यादव ने उन्हें वियतनाम भेजने का बीड़ा उठाया। इस मुहिम के तहत राहुल यादव स्वयं, सपा जिला उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग उमाशंकर चौरसिया, पार्वती हॉस्पिटल प्रयागराज के एमडी अजय यादव, सपा नेता पंकज मिश्रा, सपा नेता राजेश झल्लूराम पटेल और छत्तीसगढ़ के उद्योगपति पंचम पटेल ने संयुक्त रूप से ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि जुटाई, जिससे आरती का वियतनाम जाने का रास्ता साफ हुआ।

इसी क्रम में सोमवार को अपरान्ह करीब चार बजे वियतनाम रवाना होते समय खिलाड़ी आरती गौतम के आवास पर एक भव्य विदाई व स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सपा जिला उपाध्यक्ष राहुल यादव, उमाशंकर चौरसिया, डॉ. अजय यादव, पंकज मिश्रा, राजेश झल्लूराम पटेल, उद्योगपति पंचम पटेल, सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राम लाल पाल, सपा जिला उपाध्यक्ष राज मूर्ति सरोज, राजेश यादव, कृष्णा यादव, अनिल यादव, ललित पटेल, सभासद सनोज साहू और दिनेश सिंह आदि ने आरती के घर पहुंचकर उनका जोरदार स्वागत किया और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

इसके पश्चात दर्जन भर से अधिक खेल प्रेमी और वरिष्ठ नेता आरती को छोड़ने के लिए प्रयागराज रेलवे स्टेशन पहुंचे। संपूर्ण रास्ते समेत वहां भी समर्थकों ने आरती का दिव्य स्वागत करते हुए पूरे उत्साह के साथ उन्हें विदा किया। संकट के समय में संबल बनकर खड़े होने और इस ऐतिहासिक विदाई के लिए खिलाड़ी आरती गौतम ने नम आंखों से अपने सभी सहयोगियों व क्षेत्रवासियों का दिल से आभार जताया है।

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सहसों में पेंचक सिलाट खिलाड़ी आरती गौतम का किया भव्य स्वागत, दी जीत की शुभकामनाएं।

मुंगरा बादशाहपुर। वियतनाम में होने वाली दसवीं सीनियर एशियन पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही जौनपुर की होनहार खिलाड़ी आरती गौतम का सोमवार को देर शाम करीब 7 बजे प्रयागराज के सहसों में भव्य स्वागत किया गया।

दरअसल, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल सहसों में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इसी दौरान वियतनाम रवाना होने के लिए ट्रेन पकड़ने प्रयागराज रेलवे स्टेशन जा रही आरती गौतम का मार्ग में संयोगवश उनसे सामना हो गया। खिलाड़ी की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सहसों में ही रुककर आरती गौतम का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाने जा रही आरती को अपना स्नेहिल आशीर्वाद दिया और वियतनाम की धरती पर तिरंगा लहराकर स्वर्ण पदक जीतने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मौजूद खेल प्रेमियों और कार्यकर्ताओं ने भी आरती का उत्साहवर्धन किया।

About Author