August 31, 2026

Jaunpur news पुण्य तिथि पर विशेष –

Share

पुण्य तिथि पर विशेष –

जौनपुर की पत्रकारिता का एक स्वर्णिम अध्याय थीं बिंदू मिश्रा – बृजेश पाण्डेय

(जौनपुर ) । समय भले ही बीत जाता है, लेकिन कुछ शख्सियतें अपने कार्यों और व्यक्तित्व की ऐसी अमिट छाप छोड़ जाती हैं, जिन्हें वक्त की गर्द भी धुंधला नहीं पाती। जौनपुर के पत्रकारिता जगत और समाज सेवा के क्षेत्र में एक ऐसा ही आदरणीय नाम है— श्रीमती बिंदू मिश्रा। जनपद की प्रथम और एकमात्र शासन से मान्यता प्राप्त महिला पत्रकार रहीं श्रीमती बिंदू मिश्रा की आज मंगलवार 14 जुलाई को चौथी पुण्यतिथि है। इस अवसर पर जनपद उन्हें अत्यंत आदर और श्रद्धा के साथ याद कर रहा है। जौनपुर शहर के सिरताजी कटरा ओलन्दगंज निवासी प्रतिष्ठित समाजसेवी स्वर्गीय लालजी मिश्र की पुत्रवधू श्रीमती बिंदू मिश्रा पत्नी बीरेंद्र मिश्रा विराट ने उस दौर में पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा था, जब महिलाओं के लिए इस क्षेत्र में राहें आसान नहीं थीं। उन्होंने अपनी लेखनी और समर्पण के बल पर न सिर्फ अपनी एक अलग पहचान बनाई, बल्कि जौनपुर की प्रथम और आखिरी शासन से मान्यता प्राप्त महिला पत्रकार होने का गौरव भी हासिल किया। जिले के वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र मिश्र विराट जी की जीवनसंगिनी के रूप में उन्होंने न केवल उनका हर कदम पर साथ दिया बल्कि उनके साथ सदैव समाज की आवाज को बुलंद किया तथा आने वाली पीढ़ी की महिला पत्रकारों के लिए प्रेरणापुंज बनीं। उनकी चौथी पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनके ओलन्दगंज स्थित आवास के साथ ही आदि शक्ति जगत जननी मां चौकियां धाम पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया है। इस सम्बन्ध में वरिष्ठ पत्रकार एवं आयोजक वीरेंद्र मिश्र एवं उनके सुपुत्र डा. प्रशांत देव मिश्र व निखिल मिश्र ने बताया कि जनपद के सुप्रसिद्ध आदि शक्ति पीठ माता चौकियां धाम में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पावन स्मृति दिवस पर एक विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है, जिसमें परिजनों ने सभी शुभचिंतकों और आम जनमानस से अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण करने और पुण्यात्मा को अपनी भावांजलि अर्पित करने का अनुरोध किया है।
​बिंदू मिश्रा जी का जाना केवल एक परिवार की क्षति नहीं है, बल्कि जौनपुर की निर्भीक पत्रकारिता के एक युग का अवसान है। उनकी स्मृति हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेगी।​लेखनी की धनी, ममतामयी और समाज की सशक्त आवाज रही श्रीमती बिंदू मिश्रा जी की चतुर्थ पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन व विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित है।

About Author