Jaunpur news मानव सेवा के लिए जौनपुर के एडवोकेट सौरभ सिंह विक्की राष्ट्रीय सम्मान से हुए सम्मानित
मानव सेवा के लिए जौनपुर के एडवोकेट सौरभ सिंह विक्की राष्ट्रीय सम्मान से हुए सम्मानित
जौनपुर। जिले के युवा समाजसेवी एवं अधिवक्ता सौरभ सिंह विक्की को सामाजिक सेवा, रक्तदान जागरूकता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह ‘संवेदना-2’ के दौरान नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) द्वारा प्रदान किया गया।
बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, राज्यमंत्री विरजा कुमार गोयल तथा समाजसेवी संदीप बंसल सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने सौरभ सिंह विक्की को सम्मानित किया।
यह सम्मान इंटरनेशनल ब्लड डोनेशन एंड अवेयरनेस कैंपेन के अंतर्गत प्रदान किया गया, जिसे वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड की मान्यता भी प्राप्त है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सौरभ सिंह विक्की ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उन सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और समाजसेवियों की है, जो निस्वार्थ भाव से मानव सेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय निफा उत्तर प्रदेश की संरक्षिका एवं ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण संस्था की प्रमुख डॉ. अंजू सिंह के मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाजहित, मानव सेवा और रक्तदान जैसे जनजागरूकता अभियानों को और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
